IndiGo Flight: हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब विमान के लैंड होने के बाद रनवे पर खड़े रहते हुए एक केबिन बैग से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि उस वक्त यात्री अभी विमान से उतर भी नहीं पाए थे।
जांच में क्या सामने आया?
जानकारी के मुताबिक जांच में सामने आया कि बैग के अंदर रखे पावर बैंक में आग लग गई थी, जिसके कारण धुआं उठा। हालांकि, केबिन क्रू ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए हालात पर काबू पाया और सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित रहे।
इंडिगो एयरलाइंस ने कही ये बात
वहीं, इसी बीच इंडिगो एयरलाइंस ने एक बयान जारी करते हुए लिखा कि, "5 मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 108 में लैंडिंग के बाद एक घटना सामने आई, जब विमान रनवे पर खड़ा था और एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लग गई।
यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
स्थिति को देखते हुए तुरंत सुरक्षा के मद्देनजर विमान को खाली कराया गया और संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचाया गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है ताकि उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। विमान को दोबारा सेवा में लाने से पहले आवश्यक तकनीकी जांच की जाएगी। इंडिगो ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मामले की गहन जांच जारी
बताया जा रहा है कि सभी सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने के बाद ही ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। वहीं इस घटना को लेकर नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल पावर बैंक में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन इस घटना के बाद विमानन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ गई हैं। एयरलाइन और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।
