Unnao Bus Accident: उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ की तरफ जा रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग से टकरा गई और पलट गई। पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना बांगरमऊ इलाके के नसिरापुर गांव के पास हुई। हादसे में बस में सवार एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 37 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
14 यात्रियों की हालत नाजुक
पुलिस के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बस का इंजन अलग होकर एक्सप्रेसवे के नीचे जा गिरा। अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में लखनऊ के गोसाईगंज इलाके की 55 वर्षीय तारावती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 14 यात्रियों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ट्रेन की चपेट में आने से 60 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति की मौत
वहीं, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, यहां ट्रेन की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने दी।
दनकौर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी चौकी के उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार के अनुसार, बुजुर्ग अचानक ट्रेन के सामने आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि मृतक के पास ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उनकी पहचान हो सके। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाकर शव की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। हादसे के बाद से दनकौर रेलवे स्टेशन के परिसर में अफरातफरी मच गई।
(इनपुट - भाषा)
