Siwan Police Encounter: सीवान में भाजपा नेता मनोज सिंह के भांजे की हत्या केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 25 हजार के इनामी अपराधी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी सुनील को भी गिरफ्तार किया गया है। एनकाउंटर में मारे गए अपराधी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव के बेटे सोनू यादव के रूप में हुई है। वह कई संगीन मामलों में वांछित था। वह हाल ही में भाजपा नेता मनोज सिंह के रिश्तेदारों पर हुए हमले में शामिल था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सख्ती बढ़ा दी गई है।
बीजेपी नेता के बहनोई भी हमले में घायल
जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और उनके भांजे पर हमला हुआ था। जिसमें भांजे हर्ष कुमार की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज पटना में चल रहा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव था और पुलिस पर आरोपियों को पकड़ने का दबाव बढ़ गया था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सोनू यादव अपने साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम के दबिश देते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सोनू यादव की गोली लगने से मौत हो गई।
एक्शन मोड में सीवान पुलिस
पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुनील यादव को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पास से एक कार बरामद की गई है। इससे पहले भी इसी गैंग के सदस्य छोटू यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि सीवान पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह से एक्शन मोड में है। फिलहाल इस एकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
