शहर

एक मौत के गम में निकला था परिवार, रास्ते में उजड़ गईं चार और जिंदगियां; सिरमौर में दर्दनाक हादसा

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। यह हादसा संगड़ाह क्षेत्र के गतलोग के पास हुआ, जहां वाहन शव को गांव ले जाते समय अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर नीचे जा गिरा। घायलों में चालक समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने दुर्घटना की वजह की जांच शुरू कर दी है।

Image

हिमाचल के सिरमौर में भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sirmaur Road Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। हादसा संगड़ाह क्षेत्र में गतलोग के पास हुआ, जहां एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, 11 अगस्त को अरलू गांव निवासी जगदीश शर्मा की दिल का दौरा पड़ने से संगड़ाह अस्पताल में मौत हो गई थी। उनके शव को गांव ले जाने के लिए एक बोलेरो कैंपर किराये पर ली गई थी। परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ ग्रामीण भी वाहन में सवार हो गए। चिनाड़ के पास कुछ अन्य ग्रामीणों के वाहन में बैठने की बात भी सामने आई है।

चार लोगों की हुई मौके पर मौत

रात करीब 12:45 बजे कैंपर गतलोग के पास पहुंची। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और चालक उस पर काबू नहीं रख सका। कुछ ही पल में वाहन सड़क से नीचे लुढ़कते हुए लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र (37), देस राज (23), रिखी राम (58) और राम गोपाल (62) के तौर पर हुई है। वहीं बृज मोहन, कृपा राम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और चालक कपिल देव हादसे में घायल हुए हैं।

दुर्घटना की जांच शुरू

पुलिस के अनुसार कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और चालक कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन भेजा गया। इनमें एक गंभीर घायल को नाहन से बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार संगड़ाह अस्पताल में जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। वाहन चालक की लापरवाही, क्षमता से अधिक सवारियां या कोई अन्य कारण दुर्घटना के पीछे था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी संगड़ाह में कराया जा रहा है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article