Delhi Crime: दिल्ली का सीलमपुर इलाका सोमवार रात उस वक्त थर्रा उठा, जब हथियारों से लैस बदमाशों ने एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया। पीड़ित की पहचान चांदनी चौक के प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी प्रथम बंसल के रूप में हुई है। वारदात उस समय हुई जब प्रथम बंसल अपनी दुकान बढ़ाकर अपने बेटे के साथ स्कूटी से शाहदरा स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे।
फिल्मी स्टाइल में स्कूटी को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे जब पिता-पुत्र सीलमपुर क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आई। बदमाशों ने जानबूझकर उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले कि प्रथम बंसल और उनका बेटा कुछ समझ पाते या संभल पाते, कार से उतरे बदमाशों ने उन पर पिस्तौल तान दी।
डेढ़ करोड़ का सोना लेकर फरार
बदमाशों ने पलक झपकते ही व्यापारी के पास रखा बैग छीन लिया, जिसमें करीब एक किलोग्राम सोना था। वर्तमान बाजार दर के अनुसार, लूटे गए सोने की कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अपनी स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना ने यह साफ कर दिया है कि बदमाशों ने व्यापारी की पहले से ही रेकी की थी और उन्हें उनके आने-जाने के समय और सोने की मौजूदगी की सटीक जानकारी थी।
CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों के सुराग के लिए घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि स्कॉर्पियो के नंबर और हुलिए के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, इस घटना के बाद राजधानी के व्यापारियों में भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल है।
