शहर

‘तुमने मेरा परिवार तोड़ा…’, एमपी में नवविवाहिता ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर की आत्महत्या, प्रेमी पर लगाए गंभीर आरोप

Sagar Suicide Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर अपने साथ हो रहे कथित ब्लैकमेल और मानसिक प्रताड़ना की बात कही और इसके बाद आत्महत्या कर ली।

Sagar Suicide Case: मध्य प्रदेश के सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और गंभीर मामला सामने आया है। यहां 22 वर्षीय नवविवाहिता ने इंस्टाग्राम पर लाइव (Instagram live suicide) आकर अपनी परेशानी साझा करने के बाद आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग गहरे सदमे में हैं। जानकारी के अनुसार, युवती की शादी करीब 10 महीने पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी से पहले उसके एक युवक से पुराने संबंध थे।

इसी बात को लेकर वह युवक लगातार उसे परेशान कर रहा था और कथित रूप से ब्लैकमेल कर रहा था। मृतका ने अपने इंस्टाग्राम लाइव वीडियो में आरोप लगाया कि युवक उसके निजी वीडियो और जानकारी उसके पति तक पहुंचाकर उसे बदनाम करने की धमकी देता था। लाइव वीडियो के कुछ समय बाद ही युवती का शव उसके मायके में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

मृतका के पिता का आरोप

परिवार को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था और उसके निजी वीडियो के जरिए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। उन्होंने कहा कि लगातार तनाव और बदनामी के डर से उनकी बेटी बहुत परेशान रहने लगी थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शुरू की जांच

घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बांदरी थाने पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका का मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम वीडियो को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या के तहत केस दर्ज

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है। यह घटना सोशल मीडिया के गलत इस्तेमाल और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर मुद्दों की ओर इशारा करती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article