मध्य प्रदेश के सागर जिले के एक 22 वर्षीय बीटेक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद साइबर सेक्सटॉर्शन (ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग) का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अशोकनगर जिले की मुंगावली तहसील निवासी अमन प्रजापति के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र ने ठगों की प्रताड़ना से तंग आकर बीना के एक लॉज में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत के बाद जब पुलिस ने उसके व्हाट्सएप चैट की जांच की, तो एक बड़े साइबर ट्रैप का खुलासा हुआ।
पाकिस्तानी नंबर से मिल रही थी धमकी
परिजनों ने बताया कि अमन पिछले सात महीनों से मानसिक तनाव में था। उसे एक पाकिस्तानी नंबर और कुछ अन्य संदिग्ध नंबरों से लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। साइबर ठगों ने अमन के पिता और दोस्तों के मोबाइल नंबर उसे भेजकर डराया था कि अगर उसने पैसे नहीं दिए, तो उसके मॉर्फ्ड न्यूड (अश्लील) फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। अमन ने बदनामी के डर से करीब 40 हजार रुपये से अधिक की राशि किश्तों के जरिए ठगों को ऑनलाइन ट्रांसफर की थी।
भाई की शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम
अमन अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई की आगामी 7 जुलाई को शादी होने वाली थी। दोनों भाइयों ने 2 जुलाई को एक साथ घर जाने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने सामान भी पैक कर लिया था। लेकिन अमन को डर था कि शादी के माहौल में ठग उसके रिश्तेदारों के बीच वीडियो वायरल न कर दें। परिजनों के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के चलते उसने अपनी जान दे दी।
हॉस्टल में टूटी सिम और लॉज में मिला शव
मृतक के भाई ने बताया कि 2 जुलाई को अमन हॉस्टल जाने का कहकर निकला, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। हॉस्टल के कमरे से उसका पुराना मोबाइल और टूटी हुई सिम मिली। उसके लापता होने के बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। इसी बीच शनिवार को बीना के लक्ष्मी लॉज के एक कमरे में उसका शव फंदे से लटकता मिला। कमरे से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई।
कर्ज के जाल में फंसा था छात्र, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों का संदेह है कि ब्लैकमेलर्स की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अमन ने दोस्तों से उधार लिया था। उसने कुछ ऑनलाइन फाइनेंस ऐप्स से कर्ज भी ले रखा था। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की साइबर सेल टीम छात्र के बैंक ट्रांजैक्शन, कॉल डिटेल्स और उन विदेशी नंबरों की सघन जांच कर रही है, जहां से धमकी भरे मैसेज आ रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
