शहर

कसोल के होमस्टे में रहस्यमयी हालात में रूसी महिला की मौत से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के कसोल स्थित एक होमस्टे में 29 वर्षीय रूसी महिला पर्यटक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। बताया जा रहा है कि वह अपनी दोस्त के साथ वहां ठहरी हुई थी और उसे वॉशरूम में बेहोशी की हालत में पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Image

कसोल के होमस्टे में रूसी पर्यटक की रहस्यमयी मौत से हड़कंप (सांकेतिक फोटो)

Kasol Russian Woman Death: हिमाचल प्रदेश के कसोल में एक होमस्टे के वॉशरूम में 29 वर्षीय रूसी महिला पर्यटक रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत पाई गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वह महिला कसोल (पार्वती घाटी में बसा एक छोटा सा गांव जो इजराइली, रूसी और यूक्रेनी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है) आई थी और वहां अपने दोस्त के साथ एक होमस्टे में ठहरी हुई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को उसकी मित्र ने उसे वॉशरूम में बेहोशी की हालत में पाया और चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से सूचना मिलने पर मणिकरण पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत किसी चिकित्सकीय जटिलता के कारण हुई या किसी अन्य वजह से। बताया गया है कि अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास को इस घटना की सूचना दे दी गई है।

मृतका की दोस्त ने क्या बताया?

बेलारूस की रहने वाली नताल्या ने पुलिस को बताया कि वह अपनी रूसी मित्र डारिया कुज्मिनिख (29), पुत्री व्लादिमीर, के साथ कुछ दिनों पहले कुल्लू आई थी। दोनों कसोल के एक होम स्टे में ठहरी हुई थीं। नताल्या के अनुसार, करीब तीन दिन पहले उसकी सहेली डारिया को बाथरूम में मृत अवस्था में पाया गया। डारिया विक्टरोविच प्लेतनेव, शहर खोत्कोवो, मॉस्को रीजन रूस की रहने वाली थी। घटना के बाद नताल्या ने तुरंत इसकी जानकारी होम स्टे के प्रबंधक रणधीर और मालिक को दी। इसके बाद स्थानीय पंचायत प्रधान टहल सिंह के जरिए मणिकर्ण पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही, नताल्या ने व्हाट्सएप के जरिए डारिया के पिता व्लादिमीर विक्टरोविच प्लेतनेव को भी इस घटना की जानकारी भेजी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article