Sasaram CCTC Footage: रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बहादुरी की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। मौत के मुंह में जा रहे एक यात्री के लिए RPF का एक जवान 'देवदूत' बनकर सामने आया। अपनी जान की परवाह न करते हुए जवान ने यात्री को प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिरने से बचा लिया। यह पूरी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
चलती ट्रेन में चढ़ने की जिद पड़ी भारी
जानकारी के मुताबिक, सासाराम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर उड़ीसा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस अपनी गति पकड़ चुकी थी। इसी दौरान एक यात्री, जिसकी ट्रेन छूट रही थी, भागते हुए चलती ट्रेन के कोच को पकड़ने की कोशिश करने लगा। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण अचानक यात्री का संतुलन बिगड़ गया और उसका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह यात्री प्लेटफॉर्म और पटरियों के बीच बने जानलेवा गैप की ओर खिंचा चला गया।
जवान ने बचाई जान
प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ के ASI दिलीप कुमार की नजर जैसे ही गिरते हुए यात्री पर पड़ी, उन्होंने बिजली की फुर्ती दिखाई। बिना एक पल सोचे वे यात्री की ओर दौड़े और उसे पटरी के नीचे जाने से पहले पूरी ताकत लगाकर बाहर खींच लिया। इस आपाधापी में दिलीप कुमार खुद भी प्लेटफॉर्म पर गिरे और उन्हें काफी चोटें आईं, लेकिन उन्होंने यात्री को सुरक्षित बचा लिया।
अस्पताल में भर्ती हैं दिलीप
हादसे के तुरंत बाद ट्रेन को कुछ देर के लिए रोका गया। सुरक्षित बचाए गए यात्री को उसी ट्रेन से आगे के लिए रवाना कर दिया गया, लेकिन घायल ASI दिलीप कुमार को इलाज के लिए सासाराम के सदर अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। स्टेशन पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने दिलीप कुमार की जांबाजी की जमकर सराहना की है।
रेलवे की अपील: न लें अपनी जान का जोखिम
इस मामले पर आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि दिलीप कुमार ने अपनी ड्यूटी और वीरता का परिचय दिया है। इसके साथ ही उन्होंने यात्रियों को चेतावनी देते हुए कहा, "रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन यात्रियों को भी जिम्मेदार बनना होगा। चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना जानलेवा हो सकता है। कृपया कुछ मिनट बचाने के चक्कर में अपनी जिंदगी दांव पर न लगाएं।"
