शहर

शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, सीन रीक्रिएट करने की तैयारी, फोरेंसिक विभाग को भेजा पत्र

शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए फोरेंसिक विभाग को पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलने पर इसी सप्ताह प्रक्रिया हो सकती है।

Image

शिवा की मौत की गुत्थी सुलझाने की कोशिश (File Photo)

Photo : Times Now Digital

Shiv Sharma Death Case: लखनऊ में कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस जल्द ही घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए फोरेंसिक विभाग को पत्र भेजकर अनुमति मांगी गई है। विभाग से मंजूरी मिलने के बाद इसी सप्ताह घटनास्थल पर रीक्रिएशन कराया जा सकता है। इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी शिवा की मां रंजन को भी दे दी गई है।

नौकरानी के बयान के आधार पर जांच

इस मामले की जांच के दौरान गवाहों के बयानों में भारी विरोधाभास सामने आया है। श्रद्धा दुबे ने अपने बयान में बताया था कि घटना के वक्त उसकी बहन रश्मि दुबे और नौकरानी भी फ्लैट में मौजूद थीं। वहीं, नौकरानी ने दावा किया था कि श्रद्धा और रश्मि उसी कमरे में थीं, जहां शिवा मौजूद था। बयानों में आ रहे इस अंतर के बाद पुलिस अब नौकरानी के बयान को आधार बनाकर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, क्राइम सीन रीक्रिएशन करने के लिए शिवा की लंबाई, शारीरिक बनावट और वजन के अनुसार एक पुतले का इस्तेमाल किया जाएगा। पुतले को इमारत की चौथी मंजिल से नीचे गिराकर यह जांच की जाएगी कि वह किस दिशा में और घटनास्थल से कितनी दूरी पर जाकर गिरता है।

बयानों और सीसीटीवी फुटेज का होगा मिलान

सीन रीक्रिएशन के जरिए पुलिस यह समझने की कोशिश करेगी कि घटना के समय फ्लैट में क्या हुआ था और वहां मौजूद लोगों की क्या भूमिका थी। इसके साथ ही आरोपियों के बयानों का पड़ोसियों के बयान और सीसीटीवी कैमरों की तस्वीरों से मिलान किया जाएगा। फोरेंसिक विभाग की अनुमति मिलने के बाद घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इससे शिवा की मौत से जुड़े घटनाक्रम को समझने और बयानों में सामने आए विरोधाभासों की जांच करने में मदद मिल सकती है।

9 अक्टूबर को शिवा की बिल्डिंग से गिरकर मौत

गौरतलब है कि 9 अक्टूबर को लखनऊ में कैफे संचालक शिवा शर्मा की बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। उनकी मां ने इस मामले में श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि के खिलाफ केस दर्ज कराया था। वहीं, गिरफ्तारी से पहले श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर शिवा की मौत को आत्महत्या बताया था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article