शहर

Rewa News: रीवा में Dial-112 की करतूत कैमरे में कैद, सायरन बजाकर मंगवाई फ्री शराब; सिपाही सस्पेंड

मध्य प्रदेश के रीवा में डायल-112 पुलिस वाहन का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सायरन बजाकर शराब दुकान से कथित तौर पर फ्री शराब लेते एक पुलिसकर्मी नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और संबंधित सिपाही को जांच के बाद निलंबित कर दिया गया।

Image

Rewa viral video

Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। आरोप है पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल-112 गाड़ी का इस्तेमाल कानूनी काम में नहीं, बल्कि मुफ्त की शराब मंगवाने के लिए किया गया। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और जांच के बाद संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सायरन बजते ही पहुंची शराब की बोतल

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो मनगंवा थाना क्षेत्र के गंगेव स्थित कंपोजिट शराब दुकान का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है जैसे ही डायल-112 का वाहन सायरन बजाते हुए दुकान के सामने पहुंचता है, वहां मौजूद लोग पुलिस के डर के कारण इधर-उधर हटने लगते हैं। लेकिन कुछ ही देर बाद पुलिस वाहन के पास शराब की बोतल पहुंचती दिखाई देती है। यह नजारा देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

SDOP स्तर पर हुई मामले की जांच

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और एसडीओपी स्तर पर जांच कराई गई। जिसमें प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने संबंधित सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

बता दें कि डायल-112 सेवा की शुरुआत लोगों को आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए की गई थी। जिसमें अलग-अलग समय पर अलग-अलग पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों का इस तरह शराब दुकान से कथित तौर पर फ्री शराब लेना विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस और शराब माफिया की सांठगांठ के आरोप

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिस और शराब कारोबारियों की सांठगांठ को लेकर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि जिस पुलिस के डर से लोग कानून का पालन करते हैं, वही पुलिस अगर खुलेआम इस तरह की हरकत करती नजर आए तो इससे जनता का भरोसा कमजोर होता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें