Republic Day Security Alert: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह से पहले देश की सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। इंटेलिजेंस सूत्रों के अनुसार खालिस्तानी आतंकवादी संगठन और बांग्लादेश स्थित आतंकी संगठन दिल्ली और देश के कई अन्य शहरों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। जिसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर भी सख्त नजर रखी जा रही है।
फुट सोल्जर बन रहे पंजाब के गैंगस्टर
इंटेलिजेंस अलर्ट के अनुसार, पंजाब के गैंगस्टर विदेशों में बैठे खालिस्तानी और कट्टरपंथी हैंडलर्स के लिए फुट सोल्जर के तौर पर काम कर रहे हैं। आरोप है कि ये हैंडलर्स आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने और देश की आंतरिक सुरक्षा को कमजोर करने के लिए कर रहे हैं।
यूपी, हरियाणा समेत इन राज्यों में एक्टिव हैं ये गैंगस्टर
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने जारी किए गए अलर्ट में बताया है कि ये गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में एक्टिव हैं और धीरे-धीरे खालिस्तानी आतंकवादी तत्वों के साथ अपने संबंध मजबूत कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता भी बढ़ाई गई है।
