Ranchi Student Protest: झारखंड में JSSC-CGL परीक्षा रद्द होने के बाद भी रांची में छात्रों का आंदोलन जारी है। भले ही सरकार ने छात्रों की एक अहम मांग मान ली हो, लेकिन सीबीआई (CBI) जांच की मांग पर छात्र अभी भी अड़े हुए हैं और आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि जब सरकार ने परीक्षा ही रद्द कर दी है, तो मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
5 छात्रों ने तोड़ा अनशन, 2 छात्र अब भी डटे
देर रात करीब 1 बजे झारखंड सरकार के दो मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और डॉ. इरफान अंसारी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आमरण अनशन पर बैठे छात्र नेताओं से बातचीत कर उनका अनशन समाप्त कराया। मंत्रियों की पहल के बाद आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र महतो ने अपना अनशन खत्म किया। अस्पताल में भर्ती हबीबा और राहुल ने भी अनशन समाप्त किया। जानकारी के मुताबिक, अब तक कुल 5 छात्र अनशन तोड़ चुके हैं, जबकि 2 छात्र अभी भी अनशन जारी रखे हुए हैं। वे मांग पूरी होने तक हटने को तैयार नहीं हैं।
जयराम महतो भी पहुंचे प्रदर्शन स्थल
देवेंद्र महतो के साथ जयराम महतो भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए राज्य सरकार की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब सरकार ने JSSC CGL परीक्षा रद्द कर दी है, तो इससे यह संकेत मिलता है कि CID जांच पर भरोसा नहीं बचा है। जयराम महतो ने कहा कि छात्रों की मांग अब साफ है, मामले की CBI जांच होनी चाहिए और जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
देवेंद्र महतो बोले- अनशन टूटा है, आंदोलन नहीं
अनशन खत्म करने के बाद देवेंद्र महतो ने स्पष्ट किया, "हमारा केवल अनशन टूटा है, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ है।" उनके मुताबिक, छात्र आगे भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे और इसे और मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
