Jharkhand Lover Murder Case: झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवक की उसकी प्रेमिका के परिवार वालों ने कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को इस वारदात की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी युवक का शव रेलवे ट्रैक पर फेंककर इसे रेल हादसे का रूप देने की कोशिश कर रहे थे। ट्रेन की चपेट में आने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था।
मृतक की पहचान अमरेन्द्र सिंह उर्फ बबलू के रूप में हुई है, जिसका शव शनिवार तड़के मेदिनीनगर के जोगियाही इलाके में रेल पटरी के पास मिला। शुरू में यह मामला रेल दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन पीड़ित परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जब गहराई से जांच की, तो यह हत्या का मामला निकला। पुलिस ने बताया कि इस केस में मृतक की प्रेमिका के परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच अब भी जारी है।
जांच में ये चीजें हुईं बरामद
पुलिस के अनुसार, अमरेन्द्र सिंह उर्फ बबलू पिछले पांच वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था। वर्ष 2022 में युवती की शादी किसी और से कर दी गई थी, इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। लड़की का परिवार शुरू से ही इस रिश्ते के खिलाफ था और इसलिए उन्होंने उसकी शादी दूसरी जगह कर दी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 15 अगस्त की रात बबलू कथित तौर पर अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। उसी दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया, ताकि यह आत्महत्या या दुर्घटना का रूप ले सके। पुलिस ने इस मामले में जांच के दौरान अपराध में इस्तेमाल की गई रस्सी, एक गमछा, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
(इनपुट - भाषा)
