राँची

झारखंड में रेल हादसा; दुमका स्टेशन के पास पटरी से उतरी रामपुरहाट–जसीडीह ट्रेन

झारखंड के दुमका रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर रामपुरहाट–जसीडीह EMU लोकल ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में दो से तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेलवे ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य तक पहुंचा दिया गया और पटरी की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।

Image

रामपुरहाट–जसीडीह EMU पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Jharkhand Train Derail News: झारखंड के दुमका रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को रामपुरहाट–जसीडीह EMU लोकल ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। एक अधिकारी के अनुसार, यह रेल हादसा दोपहर लगभग 2:10 बजे हुआ। हादसे में दो से तीन यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट से ट्रेन दोपहर लगभग 12:50 बजे रवाना हुई थी और इसका गंतव्य झारखंड का जसीडीह स्टेशन था। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) वेद प्रकाश ने को बताया कि रामपुरहाट–जसीडीह मेमू (63081) पैसेंजर ट्रेन के दो डिब्बे दुमका स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

बिजली का एक खंभा भी क्षतिग्रस्त

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में एक बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया। बताया गया कि, दुर्घटना के बाद ट्रेन खाली करवाई गई और अधिकांश यात्री सड़क मार्ग से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। दुमका के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कौशल कुमार ने कहा कि दो से तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पटरी की मरम्मत और बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम फिलहाल जारी है।

भारतीय रेलवे ने क्या बताया?

भारतीय रेलवे ने बताया कि आज दोपहर 2:10 बजे रामपुरहाट-जसीडीह MEMU पैसेंजर ट्रेन जब डुम्का स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, तब इसके दो डिब्बे पटरियों से उतर गए। इस घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। सभी यात्री सुरक्षित रूप से उतारे गए और उन्हें बिना किसी देरी के उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पटरी की मरम्मत का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। अधिक जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर हैं: आसनसोल – 9641923891, मधुपुर – 9332062170, दुमका – 07277049594।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!