राँची

Palamu News: मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड शिक्षक की हत्या, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के हलुमांड गांव में रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक परीखन सिंह की रविवार को धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है-

Image

मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड शिक्षक की हत्या

Photo : Times Now Digital

Palamu News: झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत सतबरवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक सेवानिवृत्त शिक्षक परीखन सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वह पोंची पंचायत के हलुमांड गांव के रहने वाले थे। वारदात से स्थानीय लोग गुस्से में हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। 75 वर्षीय परीखन सिंह रविवार तड़के गांव में तालाब की तरफ घूमने गए थे। वहां से लौटते हुए देवी मंडप के पास अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला किया और उनकी गर्दन काट दी।

डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई

बाद में गांव के कुछ लोग उधर से गुजरे तो उन्होंने खून से लथपथ शव देखा। देखते-देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची, तो स्थानीय लोगों ने गुस्से का इजहार किया। हमलावरों का सुराग पाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई है। सतबरवा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि सुबह चार से पांच बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया गया है।

घटनास्थल से टॉर्च और अन्य सामग्री बरामद

घटनास्थल से टॉर्च और अन्य सामग्री बरामद की गई है। वारदात के पीछे की वजह क्या है, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि जमीन-जायदाद को लेकर किसी से उनकी रंजिश तो नहीं थी। कई स्थानीय लोगों से इस बारे में पूछताछ की गई है। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

परीखन सिंह की पहचान इलाके के सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में थी। सरकारी विद्यालय से सेवानिवृत्त होने के बाद 2009 में उन्होंने मनिका से विधानसभा चुनाव भी लड़ा था।

इनपुटः आईएएनएस

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!