प्रयागराज

Mahakumbh 2025: भगवा रंग की बसें भक्तों को कराएंगी महाकुंभ का सफर, सरकार ने किया स्पेशल इंतजाम

Mahakumbh 2025: इटावा क्षेत्र से प्रयागराज महाकुंभ मेले के लिए 410 विशेष बसें चलाई जाएंगी। इन बसों को भगवा रंग में रंगकर तैयार किया जा रहा है। इसी के साथ 100 संविदा चालकों की भर्ती की जानी है-

Image

भगवा रंग की बसें कराएंगी महाकुंभ का सफर

Photo : PTI

Mahakumbh 2025: प्रयागराज महाकुंभ मेले में इटावा रीजन की 410 स्पेशल बसें कुंभ आने जाने वाले यात्रियों के लिए लगाई जाएंगी। इन सभी बसों को भगवा रंग में रंगा जाएगा। इसका काम रोडवेज निगम के वर्कशॉप में शुरू कर दिया गया है। करीब 45 दिन चलने वाले महाकुंभ के लिए परिवहन निगम युद्ध स्तर से तैयारियों में जुटा हुआ है। इटावा रीजन में कुल 489 बसें हैं, इसमें से करीब 181 बसें पहले से ही भगवा रंग में रंगी हुई हैं। शेष का रंग रोगन किया जा रहा है। 50 अतिरिक्त नई बसें साधारण यात्रियों के लिए मुख्यालय से मांगी गई हैं। इसी के साथ 100 संविदा चालकों की भर्ती की जानी है।

229 बसें सीधे प्रयागराज के लिए दौड़ेंगी

यह जानकारी इटावा परिक्षेत्र के प्रबंधक उमेश सीएस आर्य ने दी। उन्होंने बताया कि इस महाकुंभ मेले में जिले से दूसरे चरण में 22 जनवरी से सात फरवरी तक 229 बसें सीधे प्रयागराज के लिए दौड़ेंगी। वर्तमान में सभी बसों का कायाकल्प किया जा रहा है। कायाकल्प के बाद सभी बसों का भगवा कलर में रंग-रोगन किया जाएगा। इटावा रीजन में 181 बसें पहले से भगवा रंग में विभिन्न मार्गों पर दौड रहीं हैं।

प्रयागराज जाने के लिए बस सेवा

उन्होंने आगे बताया कि इटावा रीजन में आठ डिपो हैं। इसमें इटावा समेत सैफई, मैनपुरी, बेबर, छिबरामऊ, फर्रुखाबाद, शिकोहाबाद फिरोजाबाद हैं। इन सभी डिपो से कुंभ मेले में आवश्यकता अनुसार बसें ली जाएंगी। साथ ही कुंभ स्नान करने वाले इटावा जिले के साथ आसपास जिले के लोगों को सीधे प्रयागराज जाने के लिए सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।

महाकुंभ मेला धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण

उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए 100 अतिरिक्त संविदा चालकों की भी भर्ती की जाएगी। इसके लिए उनका साक्षात्कार करके उनको ट्रेनिंग के लिए कानपुर भेजा जाएगा। महाकुंभ मेला न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और श्रद्धा का भी प्रतीक है। इस बार महाकुंभ मेला 2025 में प्रयागराज में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले 2013 में प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन हुआ था।

13 जनवरी महाकुंभ शुरू

इस बार पौष पूर्णिमा यानी 13 जनवरी 2025 से महाकुंभ शुरू होने वाला है, वहीं 26 फरवरी 2025 को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर इसका समापन होगा। महाकुंभ में विभिन्न अखाड़ों के साधु-संत भी जुटते हैं। इस दौरान वह हवन, पूजा और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। महाकुंभ में कुछ विशिष्ट दिनों को शाही स्नान के रूप में मनाया जाता है। इसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article