Local Street Food: झारखंड की राजधानी रांची अपनी संस्कृति और समृद्ध इतिहास के लिए ही नहीं बल्कि अपने स्वादिष्ट खाने के लिए भी जानी जाती। यहां स्वाद की कोई कमी नहीं है। बात अगर स्ट्रीट फूड की आए तो यहां मिलने वाली हर डिश का अपना एक अलग स्वाद और बनाने का अलग तरीका है, जो इसे अन्य शहरों से अलग और स्वादिष्ट बनाता है। भारत में गो टू स्नैक्स के रूप में समोसा और चाट सबसे अधिक पसंद किया जाता है। ऐसे में समोसा चाट एक डेडली कॉम्बिनेशन है, जिसे लोग सबसे अधिक पसंद करते हैं। इसलिए आज हम आपको रांची में मिलने वाले क्वालिटी समोसा चाट के बारे में बताने वाले हैं। यहां गजब का समोसा चाट मिलता है। न केवल इसका स्वाद जबरदस्त है बल्कि दाम तो और भी मस्त है। इसे खाने लोग दूर-दूर से आते है। खाने के साथ अपने परिवार के लोगों के लिए भी पैक करवाते हैं। आइए आपको बताएं रांची में कहां मिलता है बेस्ट समोसा चाट, जिसके लोग हैं दीवाने-

रांची का क्वालिटी समोसा चाट
रांची में फूड लवर्स की कमी नहीं है। स्वादिष्ट खाने की तलाश में यह लोग कहीं भी जाने को तैयार हो जाते हैं। ऐसा ही हाल है रांची में मिलने वाले समोसा चाट का, जिसे खाने से पेट तो भर जाता है, लेकिन मन नहीं भरता। इसका स्वाद इतना बेहतरीन है, इसे खाने के लिए लोग दौड़े चले आते हैं और परिवार के लिए भी पैक करवाते हैं।
रांची में कहां मिलता है समोसा चाट
झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में 'क्वालिटी समोसे वाला' है, जहां समोसा चाट खाने के लिए लोगों की भारी भीड़ लगी रहती है। साधारण सी दिखने वाली इस दुकान में बेस्ट क्वालिटी समोसे मिलते हैं। बेहतरीन स्वाद के साथ अच्छी क्वालिटी होने के कारण यहां अक्सर लोगों की भीड़ लगी रहती है। अगर आप भी इस दुकान पर जाकर इसका स्वादिष्ट समोसा चाट खाना चाहते हैं तो आपको रांची में स्थित जगन्नाथ मंदिर के समीप स्थित मौसी बारी गोल चक्कर, बस गोल चक्कर पर क्वालिटी समोसा वाले की दुकान पर जाना होगा।

रांची का समोसा चाट
समोसा चाट की क्या है कीमत
बता दें कि क्वालिटी समोसा वाले की दुकान में मिलने वाले चाट के स्वाद के साथ इसकी कीमत भी गजब है। एक से दो प्लेट में आपका पेट भी भर जाएगा और यह आपकी जेब पर भारी भी नहीं पड़ेगा। यहां मिलने वाले एक प्लेट समोसा चाट की कीमत मात्र 15 रुपये है। दोपहर 12 बजे इनकी दुकान खुलती है और कुछ ही घंटों में सारे समोसे खत्म हो जाते हैं। लोगों में इस समोसा चाट का इतना क्रेज है कि दुकान खुलने से पहले यहां लोगों की भारी भीड़ लग जाती है।
रांची के समोसा चाट के लोग हुए दीवाने
दुकान के मालिक ने बताया कि यहां एक बार में 1000 समोसा तैयार किए जाते हैं, जो 2 घंटे में चट भी हो जाते हैं। हर दिन यहां 2500 से अधिक समोसों की बिक्री होती है। लोग इस समोसा चाट के लिए 10-10 किलोमीटर दूर से आते हैं और परिवार के लिए पैक करवा कर ले जाते हैं।

रांची का स्वादिष्ट समोसा चाट
समोसे की बेस्ट क्वालिटी से पड़ा दुकान का नाम
दुकान के संचालक का कहा है कि वह कुछ बहुत खास नहीं कर रहे हैं। बस समोसा चाट में डालने वाली हर चीज की क्वालिटी पर खास ध्यान देते हैं, जिस कारण इसका स्वाद जबरदस्त है। समोसो को अच्छे मसालों से बनाया जाता है और अच्छे तेल में फ्राई किया जाता है। उनका कहना है कि 'सब क्वालिटी का खेल है।' हर चीज की बेस्ट क्वालिटी के कारण इस दुकान का नाम भी 'क्वालिटी समोसा चाट' रखा गया है। दुकान के संचालक ने बताया कि दुकान को उनके दादा जी ने खोला, फिर उनके पिता ने इसे संभाला। अपने दादा और पिता के बिजनेस को आगे बढ़ाते हुए अब वह दुकान संभाल रहे हैं और इसकी क्वालिटी को बनाए रखे हुए हैं।
