Road Accident: झारखंड के गिरिडीह जिले में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक स्कूल बस बेकाबू होकर पलट गई। बस के पलटते ही स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे बच्चों को निकालने का काम शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भिजवाया। हादसे में करीब डेढ़ दर्जन बच्चे घायल हुए हैं। हालांकि सभी की हालत खतरे से बाहर है।
हादसा कोडरमा-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग के कोलडीहा गांव के पास मंगलवार शाम को हुआ। नीमाडीह स्थित निजी स्कूल की बस पलटने से यह हादसा हुआ। बस पलटने के बाद चालक घटनास्थल से भाग गया।
बेकाबू होकर पलटी स्कूल बस
जानकारी के अनुसार, घोडथंबा ओपी इलाके के नीमाडीह में डीपीएस स्कूल है। स्कूल में छुट्टी होने के बाद बच्चों को लेकर विद्यालय की बस से निकली, कुछ दूरी पर जाकर बस बेकाबू होकर अचानक पलट गई। बस के पलटते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बस में फंसे हुए बच्चों को निकालने का कार्य शुरू किया। इसी बीच, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला।परिजनों ने स्कूल संचालक पर लगाया लापरवाही का आरोप
घोडथंबा पुलिस ने चोटिल करीब डेढ़ दर्जन बच्चों को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को घर भेज दिया गया है। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि बस में 40 छात्र सवार थे। अभिभावकों के अनुसार, गाड़ी जर्जर हालत में है। बस को अनुभवहीन चालक चलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जर्जर बस और चालक को बदलने के लिए कई बार स्कूल संचालक से कहा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है।पुलिस ने बस को किया जब्त, फरार चालक की तलाशहादसे पर खोरीमहुआ एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो ने कहा कि कुछ बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें परिजनों की मदद से अस्पताल भिजवाया गया, कई बच्चों को मामूली चोट भी लगी है। उन्हें घोडथंबा पुलिस की सहायता से घर भेज दिया है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। साथ ही फरार चालक की पुलिस तलाश कर रही है।
