राँची

Ranchi: मानव तस्करी कर लाई गई युवती से रेप, ये है पूरा मामला

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 16, 2022, 09:46 PM IST

Ranchi: मानव तस्करी के जरिए ले जाई गई 11 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला। पीड़िता के बयानों के आधार पर 2 आरोपियों के खिलाफ रांची के कोतवाली थाने की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में एफआईआर दर्ज। नाबालिग को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाया गया था। उससे झाड़ू- पोछे का काम करवाया गया। इस बीच मौका पाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

Image

रांची के ग्रामीण इलाके से मानव तस्करी कर ले जाई गई नाबालिग के साथ दुष्कर्म (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • मानव तस्करी के जरिए ले जाई गई 11 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म
  • रांची के कोतवाली थाने में 2 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
  • नाबालिग को काम दिलाने के बहाने ले जाया गया था दिल्ली

Ranchi: रांची के ग्रामीण इलाके से मानव तस्करी के जरिए ले जाई गई 11 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता पाकुड़ जिले के एक गांव की रहने वाली है। घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता दिल्ली से भागकर रांची लौटी। इसके बाद पीड़िता के बयानों के आधार पर 2 आरोपियों के खिलाफ रांची के कोतवाली थाने की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, दुष्कर्म के वक्त पीड़िता दिल्ली में थी। किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से मुक्त होकर रांची पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वेदा व सद्दाम इलाके के करमाटांड़ गांव के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि, आरोपी जीप लेकर उनके घर पहुंचा। उसमें गांव की चार और नाबालिग लड़की सहित चार अन्य लोग बैठे थे। सभी को रेलवे स्टेशन ले गया। इसके बाद जनरल डिब्बे में वे दिल्ली गए। वहां से उन्हें शकुरपुर इलाके में स्थित एक घर में ले जाकर रखा गया। पीड़िता ने बताया कि, उस घर में उससे झाड़ू- पोछे का काम करवाया गया। इस बीच मौका पाकर सद्दाम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। वहीं इस बात का पता लगा रही है कि, इस तरह से तस्करी के जरिए आरोपी और कितने लोगों को ले गए हैं।

रात में आरोपियों के चंगुल से मुक्त हो रांची पहुंची

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाया गया था। इससे पहले आरोपियों ने पीड़िता के परिवार को दस हजार रुपए दिए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, दिल्ली ले जाने के चंद रोज बाद आरोपी सद्दान शराब के नशे में घर पहुंचा और जबरन उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। बाद में पीड़िता को शादी करने झांसा दिया। इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस बीच आरोपी की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता मौका देखकर घर से भाग गई। इसके बाद बिना टिकट के ट्रेन से दिल्ली से रांची पहुंची। रांची रेलवे स्टेशन पर मौजूद पुलिस कार्मिकों को पीड़िता ने अपनी आपबीती बताई। रेलवे पुलिस की टीम नाबालिग को लेकर रांची के कोतवाली थाने पहुंची व मामला दर्ज करवाया।

घर के आर्थिक हालात थे खराब

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के पिता की मौत के बाद घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। यही वजह थी कि, आरोपियों ने उसके परिजनों को ज्यादा पैसे देने का लालच दिया था। पीड़िता की मां लोगों के घरों में झाड़ू- पोछे के काम कर किसी तरह घर चला रही है। पुलिस के मुताबिक, करीब 20 दिन पूर्व दोनों आरोपी पीड़िता के घर पहंचे और उसकी मां को दिल्ली में ज्यादा पैसा दिलाने का झांसा दिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article