Ranchi News: राजधानी रांची में एक बार फिर से एक मर्डर केस सामने आया है। मंगलवार से लापता एक युवक की लाश शहर के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत कांके डैम साइड में मिली है। इस मृत युवक की पहचान रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मुरुबांडा निवासी के रूप में की गई है। शनिवार की सुबह कांके डैम में स्थानीय लोगों ने युवक के शव को देखा।
शव देखने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। किसी ने कॉल करके पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उक्त स्थल पर पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। इस संबंध में पंडरा ओपी प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की हत्या कैसे की गई है।
रांची में रिश्तेदार के यहां रह रहा था युवक
पंडरा ओपी प्रभारी का कहना है कि युवक राज नायक यहां अपने एक रिश्तेदार के यहां रह रहा था। ऐसी जानकारी मिली है कि उसका किसी युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती राज नायक से शादी करना चाहती थी। ऐसे में युवती के परिजनों पर ही हत्या का शक गहराया हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी।
युवक के घर वालों से भी होगी पूछताछ
पुलिस को जानकारी मिली है कि युवक 11 अक्टूबर को अपनी मां और पिता से लड़ाई-झगड़ा करके घर से निकला था। ऐसे में पुलिस विवाद का कारण जानना चाहती है। पुलिस का कहना है कि वह हत्या के हर बिंदु पर जांच कर रही है। बहुत जल्द हत्या करने वाले शख्स तक पुलिस पहुंच जाएगी। उसके बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, युवक का शव मिलने के बाद उसके घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है। परिवार वालों ने पुलिस से हत्या करने वाले शख्स की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
