Ranchi News: टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आईआरसीटीसी अपने यात्रियों के लिए तरह-तरह के टूर पैकेज लॉन्च करता रहता है। अब इसी कड़ी में आईआरसीटीसी यात्रियों राजस्थान को अलग-अलग शहरों में घूमने का अवसर दे रहा है। आईआरसीटीसी के इस टूर पैकेज का नाम ‘पधारो राजस्थान एयर पैकेज एक्स. रांची ’ है। इस टूर पैकेज की शुरुआत 31 जनवरी 2023 से होने जा रही है। इस पैकेज के तहत यात्रियों को रांची एयरपोर्ट से सीधे जयपुर लाया जाएगा। उसके बाद यात्रियों को एक दिन जयपुर में रातभर रोका जाएगा। 7 रातों और 8 दिन के इस स्पेशल टूर पैकेज के तहत यात्रियों को जयपुर, जैसलमेर, जोधपुर, पुष्कर और उदयपुर घूमने का अवसर मिल सकेगा।
बता दें कि, जयपुर पहुंचने के दूसरे दिन यात्रियों को जयपुर में मौजूद अलग-अलग फोर्ट में घूमने का अवसर मिलेगा। तीसरे दिन यात्रियों को सड़क के रास्ते होते हुए पुष्कर ले जाया जाएगा। पुष्कर में यात्रियों को ब्रह्मा मंदिर घूमने का अवसर मिलेगा। मंदिर के बाद यात्रियों को रात में पुष्कर में एक रात होटल में ठहराया जाएगा। टूर के चौथे दिन यात्रियों को पुष्कर से उदयपुर ले जाया जाएगा। पांचवें दिन यात्रियों को उदयपुर से जोधपुर जाना होगा। छठे दिन यात्रियों को जोधपुर से जैसलमेर, फिर अगले दिन जोधपुर से रांची वापस लाया जाएगा।
बुकिंग के लिए देने होंगे इतने रुपए
मिली जानकारी के अनुसार, इस टूर पैकेज के दौरान यात्रियों के 7 दिन के नाश्ते और रात के खाने की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी द्वारा ली जाएगी। पैकेज के दौरान दोपहर के भोजन की जिम्मेदारी खुद यात्री की होगी। अगर आप एक व्यक्ति के लिए बुकिंग करा रहे हैं तो आपको 51,400 रुपये देने होंगे। अगर आप दो व्यक्तियों के लिए बुकिंग करवाना चाहते हैं तो आपको प्रति व्यक्ति 40,950 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। तीन व्यक्तियों के लिए प्रति व्यक्ति 39,250 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
इस तरह करा सकेंगे बुकिंग
जानकारी के लिए बता दें कि, आईआरसीटीसी ने इस एयर टूर पैकेज की घोषणा अपने ट्विटर अकांउट से की है। इस टूर पैकेज के लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com के जरिए टिकट की बुकिंग करा सकते हैं। आईआरसीटीसी पर्यटक सुविधा केंद्र के जरिए भी टिकट की बुकिंग कराई जा सकती है। आईआरसीटीसी टिकट बुकिंग के लिए अंचल कार्यालयों और क्षेत्रीय कर्यालयों पर भी यात्रियों को सुविधा दे रही है।
