Ranchi Police: रांची में मॉडल द्वारा ब्राउन शुगर का कारोबार किया जा रहा है। मॉडल अपनी मां के साथ मिलकर ऑनलाइन ही यह धंधा चला रही थी। सुखदेव नगर पुलिस ने इस महिला मॉडल को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि, मॉडल अपने घर से ब्राउन शुगर की बिक्री करती है। इस पर पुलिस ने मॉडल के घर पर छापेमारी की और 36 ग्राम ब्राउन शुगर और 2 लाख 90 हजार रुपए जब्त किए हैं।पुलिस ने मॉडल ज्योति के अलावा उसकी मां मुनी देवी, अर्जुन, बलराम को गिरफ्तार किया। जबकि इनकी निशानदेही पर राहुल की गिरफ्तारी दूसरी जगह से की गई है। बता दें इससे पहले नवंबर 2021 में पुलिस ने मॉडल ज्योति को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
हाल में जमानत पर बाहर आई है मॉडल
सुखदेव नगर पुलिस के मुताबिक मॉडल ज्योति हाल में ही जमानत पर रिहा होकर जेल से बाहर आई है। जेल से बाहर आने के साथ ही वह फिर से ब्राउन शुगर का धंधा करने लगी थी। अब पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी करने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, ब्राउन शुगर का कारोबार करने के आरोप में रांची पुलिस ने कई तस्करों को गिरफ्तारी किया है। पुलिस का कहना है कि, ओडिशा और सासाराम से रांची में ब्राउन शुगर आ रहा है। इन दोनों जगहों से आने वाले ब्राउन शुगर की रांची में ज्यादा मांग है।
कॉल पर तय होती थी डील
पुलिस के मुताबिक मॉडल ज्योति पहले कॉल पर लोगों से बात करती थी। कॉल पर सौदा तय होने के बाद ग्राहक को अपने घर पर बुलाती थी और ब्राउन शुगर बेचती थी। इसके अतिरिक्त गिरोह के सदस्य स्कूल-कॉलेज के बाहर विद्यार्थियों को ब्राउन शुगर बेचा करते थे। छात्र-छात्राओं को ब्राउन शुगर की लत लगाकर उनसे अधिक पैसे लिए जाते थे। ज्योति के मोबाइल से पुलिस को कई लोगों के नाम और पते की जानकारी हासिल हुई है।
रांची और दिल्ली में मॉडलिंग करती थी ज्योति
पुलिस के मुताबिक ज्योति रांची और दिल्ली में मॉडलिंग किया करती थी। मॉडलिंग के दौरान ही वह ब्राउन शुगर के कारोबार से जुड़ी थी। जब इसकी बिक्री से अधिक आमदनी होने लगी तो उसने अपना गिरोह बना लिया।
