राँची

3 बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई मां, इस बात पर उठाया खौफनाक कदम; मौत

झारखंड के गिरिडीह में पारिवारिक विवाद के बाद एक मां अपने तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूद गई, जिससे बच्चों की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर है।

Image

(प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : iStock

गिरिडीह : जिला अंतर्गत देवरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक महिला ने तीन बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। तीनों बच्चों की मौत हो गई है, जबकि महिला को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आशंका जताई जा रही है कि पारिवारिक विवाद की वजह से महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। बताया गया कि खसलोडीह गांव निवासी सोनू चौधरी की पत्नी आरती देवी अपने तीन बच्चों अविनाश कुमार (6), रानी कुमारी (3) और फूल कुमारी (2) के साथ घर से निकली। उसने तीनों बच्चों को एक खेत के पास स्थित कुएं में फेंका और इसके बाद खुद कूद गई।

पास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे देखा तो शोर मचाया और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद सभी को बाहर निकालकर तत्काल देवरी स्थित राजकीय स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

सास ने कही ये बात

महिला का इलाज चल रहा है, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। महिला का पति सोनू चौधरी हैदराबाद में मजदूरी करता है। वह कुछ दिन पहले ही एक शादी में भाग लेने गांव आया था। जिस वक्त महिला घर से बच्चों के साथ निकली, उस वक्त वह घर पर नहीं था। घटना की सूचना पाकर वह मौके पर पहुंचा। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद हो सकता है, हालांकि आरती की सास सुषमा देवी ने किसी तरह के विवाद से इनकार किया है।

घटना की सूचना पर देवरी के पुलिस इंस्पेक्टर पास्कल टोप्पो, प्रभारी थानेदार रिशु सिन्हा पुलिस टीम के साथ खसलोडीह गांव पहुंचे और तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें