राँची

Naxal Arrested: हजारीबाग पुलिस के हत्थे चढ़ा नक्सली; पहले रह चुका है जोनल कमांडर, दर्ज हैं 54 से अधिक मामले

हजारीबाग पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाट गांव से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पूर्व जोनल कमांडर सुनील गंझू को गिरफ्तार किया गया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से माओवादी संगठन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए।

Image

पुलिस की गिरफ्त में माओवादी

Photo : Times Now Digital

Jharkhand News: नक्सल विरोधी अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पूर्व जोनल कमांडर को बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाट गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली की पहचान सिमरातरी, चतरा जिला के थाना पत्थलगडडा के सिमरातरी गांव के रहने वाले सुनिल गंझू के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादी रिजनल कमांडर शहदेव महतो और सब-जोनल कमांडर नताशा अपने चार से पांच साथियों के साथ इलाके में लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बड़कागांव क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ नक्सली जंगल की ओर भाग निकले, जबकि सुनिल गंझू को मौके से दबोच लिया गया।

बरामदगी और खुलासे

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से माओवादी संगठन का लेटर पैड, झोला और गमछा बरामद किया। पूछताछ में सुनिल गंझू ने स्वीकार किया कि वह कोल कंपनियों, ठेकेदारों और स्थानीय व्यापारियों से लेवी वसूली में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

गंभीर आपराधिक मामलों में वॉन्टेड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुनिल गंझू पर 54 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध, हथियारबंद हमला और आपराधिक साजिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है।

पुलिस का बयान

हजारीबाग पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी माओवादी संगठन की गतिविधियों को कमजोर करने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही फरार नक्सलियों की तलाश में अभियान जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नक्सल प्रभाव को समाप्त करने के लिए सर्च ऑपरेशन और भी तेज किया जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article