शहर

रानद अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी पर हमले का प्रयास, Z+सिक्योरिटी की डिमांड; मांग पूरी न होने पर आंदोलन का ऐलान

रानद के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अभिषेक त्यागी ने कहा कि जिस प्रकार से रानद सुप्रीमो श्रीकान्त त्यागी को निशाना बनाकर हमला करने का प्रयास किया गया, वह न केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का प्रश्न है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।

Image

रानद कार्यकर्ताओं के साथ अभिषेक त्यागी

नोएडा : दिल्ली-एनसीआर में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर, प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर प्रश्नचिन्ह लग लग रहे हैं। इसका जीता जागता उदाहरण राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी पर हाल ही में हुए जानलेवा हमले का प्रयास है। मामले को लेकर पार्टी नेतृत्व ने गहरी चिंता जाहिर की है। इसी बीच संदर्भ में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अभिषेक त्यागी ने पूरे घटनाक्रम पर पार्टी का पक्ष रखा और प्रशासन से कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे।

मीडिया खबरों के मुताबिक, अभिषेक त्यागी ने कहा कि जिस प्रकार से रानद सुप्रीमो श्रीकान्त त्यागी को निशाना बनाकर हमला करने का प्रयास किया गया, वह न केवल एक व्यक्ति की सुरक्षा का प्रश्न है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। कहा वो कौन लोग हैं जो राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकान्त त्यागी की हत्या करना चाहते हैं? अभिषेक त्यागी का कहना है कि यदि उक्त निंदनीय घटना की गंभीरता को देखते हुए पारदर्शी जांच नहीं कराई जाती, तो इससे जनता के बीच गलत संदेश जाएगा और कानून-व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होगा।

रानद सुप्रीमो श्रीकान्त त्यागी को उच्च स्तरीय जेड+ श्रेणी सुरक्षा प्रदान करने की मांग उठाई गई, ताकि भविष्य में इस प्रकार की किसी भी घटना दोबारा न हो। पार्टी नेताओं का कहना है कि एक जननेता की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती। अभिषेक त्यागी ने कहा यदि इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच नहीं होती है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई जाती है तो राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल प्रदेश के हर जनपद में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।

क्या था घटनाक्रम?

दरअसल, 10 मार्च 2026 को श्रीकान्त त्यागी गाजियाबाद से पूर्वांचल जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी के पीछे चल रही एस्कॉर्ट वाहन में बैठा निजी सुरक्षा में तैनात सुरक्षा कर्मी रोबिन सिंह किसी अज्ञात व्यक्ति से फ़ोन पर श्रीकान्त त्यागी के लिए जातिसूचक शब्द और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनकी हत्या करने के उद्देश्य से “सीने में गोली मार कर हत्या कर देने" की बात कर रहा था। बताया गया कि इस पूरी बातचीत को वाहन चालक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद मामला सार्वजनिक हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोबिन सिंह को सेक्टर-110, नोएडा स्थित पार्टी कैंप कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article