मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। जहां पचोर शहर के बीच स्थित चुन्नालाल-मुन्नालाल भारत पेट्रोल पंप पर अचानक भयंकर आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 12 लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए, जबकि एक पेट्रोल टैंकर समेत 12 मोटरसाइकिलें पूरी तरह से जलकर राख हो गईं।
बाइक से लगी आग
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई, जब पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर बाहर निकल ही रहा था, तभी उसकी बाइक में अचानक आग लग गई। युवक ने घबराहट में बाइक वहीं छोड़ दी और भाग गया। लेकिन आग लगी बाइक लुढ़कते हुए पास खड़े एक पेट्रोल टैंकर तक पहुंच गई। जिससे आग की लपटें तेजी से फैल गई।
आग की लपटों में घिरा पेट्रोल पंप
आग ने कुछ ही मिनटों में आसपास कड़ी कई अन्य बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया। भीषण आग को देखते हुए पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कई लोगों ने अपने वाहन हटाने की भी कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। थोड़ी ही देर में पेट्रोल पंप आग की लपटों से घिर गया और पूरा इलाके में धुआं फैल गया।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के लिए फायर सेफ्टी उपकरणों का इस्तेमाल किया, लेकिन आग पहले ही विकराल रूप ले चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू हुआ। दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लिया। लेकिन इस हादसे में बलराम गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। वहीं 11 अन्य लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। जिन्हें पचोर, शाजापुर और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
