शहर

सीएम रेखा गुप्ता पर हमले के आरोपी राजेश खिमजी को 5 दिन की पुलिस रिमांड, पूछताछ में खुलेंगे कई राज

आरोपी राजेश मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में कागज लेकर पहुंचा था और एक फरियादी बनकर पहुंचा था। हालांकि जांच में उसके पास से शिकायत की कोई कॉपी नहीं मिली।

Image

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने वाले आरोपी को 5 दिन की रिमांड

Rajesh Khimji: दिल्ली में कल जन सुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला करने के आरोपी राजेश खिमजीभाई सकारिया को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने आज यह जानकारी दी। गुजरात के राजकोट रहने वाले राजेश खिमजी ने कल जन सुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया था। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया था। शुरुआती पूछताछ के बाद उसे तीस हजारी जिला अदालत में पेश किया गया था।

हत्या की कोशिश का मामला दर्ज

राजेश खिमजीभाई सकारिया के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी राजेश खिमजी भाई के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1) के तहत हत्या की कोशिश के अलावा भी दो अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 132 भी लगाई गई है, जो सरकारी कर्मचारी पर हमला करने वाले के खिलाफ लगाई जाती है। यही नहीं बीएनएस की धारा 221 यानी सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालने का मामला भी दर्ज किया गया है।

फरियादी बनकर पहुंचा था आरोपी

आरोपी राजेश मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में कागज लेकर पहुंचा था और एक फरियादी बनकर पहुंचा था। हालांकि जांच में उसके पास से शिकायत की कोई कॉपी नहीं मिली। उसके पास से सिर्फ जनसुनवाई की एक पर्ची मिली। आरोपी को तीस हजारी जिला अदालत की 247 नंबर कोर्ट में पेश किया गया था।

राजेश की मां भानु बेन ने कहा कि मेरा बेटा पशु प्रेमी है और डॉग वाले मुद्दे को लेकर दुखी था। इस वजह से वो दिल्ली गया था। इस शख्स के वीडियो भी सामने आए हैं जिसमें वह सीएम हाउस के बाहर रेकी करता नजर आ रहा था। वह अपने मोबाइल से शालीमार बाग में स्थित सीएम हाउस का वीडियो बना रहा था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article