चूरू : राजस्थान पुलिस ने एक बार फिर अपनी सूझबूझ और तत्परता का शानदार उदाहरण पेश किया है, जहां 1.5 करोड़ की फिरौती के लिए हुए अपहरण कांड का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस को बुर्का पहनकर ऑपरेशन करना पड़ा।
मामला रतननगर क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां 55 वर्षीय रुक्मानंद का उस वक्त अपहरण कर लिया गया, जब वह सब्जी की दुकान से घर लौट रहे थे। घटना के कुछ घंटे बाद बदमाशों ने परिजनों से डेढ़ करोड़ रुपये की फिरौती मांगी, जिससे परिवार के लोग घबरा गए। अपहरणकर्ताओं के धमकी के बावजूद परिजनों ने पुलिस में जाकर शिकायत दर्ज कराई।
150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निश्चय प्रसाद के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई, जिसमें डीएसटी, कोतवाली, रतननगर थाना और साइबर टीम को शामिल किया गया। लगातार 48 घंटे तक चली कार्रवाई में पुलिस ने 150 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन हरियाणा में ट्रेस की।
बुर्का पहनकर दबिश दी
इसके बाद पुलिस ने बेहद सूझबूझ दिखाते हुए बुर्का पहनकर दबिश दी, ताकि आरोपियों को किसी तरह का शक न हो। थोड़े समय बाद हरियाणा में घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत रुक्मानंद को सकुशल बरामद कर परिजनों को राहत की सूचना दी। पुलिस के आश्वस्त करने के बाद परिजनों ने खाकी का आभार जताया और उनके तरीके की दाद दी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में रामगढ़ निवासी मनोज व्यास और इंदौर निवासी आशीष पांचाल शामिल हैं। उन्होंने वारदात को अंजाम क्यों दिया इस बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस टीम की मुस्तैदी और रणनीति की जिलेभर में सराहना हो रही है।
