शहर

Delhi News: पनीर में डिटर्जेंट, सड़ी-गली हालत में मिला 2,800 किलो खोया-मक्कन, त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन

Delhi News: त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजारों में चेकिंग तेज कर दी है। कार्रवाई के दौरान 2,800 किलो से ज्यादा असुरक्षित खाद्य सामग्री नष्ट की गई।

Image

त्योहारों से पहले दिल्ली में खाद्य सुरक्षा जांच तेज, 2,800 किलो से ज्यादा सामान नष्ट (सांकेतिक फोटो)

Delhi Food Safety Check: त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। जिसके तहत दिल्ली के प्रमुख बाजारों में छापेमारी की गई। इस दौरान 2,800 किलोग्राम से अधिक खराब और लावारिस पड़ा मावा (खोया) और मक्खन जब्त कर नष्ट कराया गया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों पर लोगों तक पहुंचने वाले मिलावटी सामान पर पूरी तरह रोक लगाना है।

बदबूदार और लावारिस मिला 2,830 किलो मावा

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी, बाग दीवार, संजय मार्केट और जनकपुरी मंडी में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीमों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सामान रखने के तरीके की जांच की। टीम को मोरी गेट और संजय मार्केट में करीब 2,830 किलो खोया, धाप और मक्खन बेहद अस्वच्छ हालत में लावारिस पड़ा मिला। सामान से तेज बदबू आ रही थी और वह सड़ने लगा था। अधिकारियों ने लावारिस सामान के मालिकों से उसे लेने के लिए सार्वजनिक घोषणा भी कराई, लेकिन कोई सामने नहीं आया। जिसके बाद इस पूरे सड़े-गले स्टॉक को जब्त कर मजनू का टीला स्थित एमसीडी के डंपिंग यार्ड में नष्ट कर दिया गया।

पनीर में डिटर्जेंट की मिलावट

छापेमारी के दौरान लैब टेस्टिंग में भी कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। मोरी गेट से लिए गए खोया और क्रीम के सभी 10 सैंपल राज्य प्रयोगशाला में जांच के दौरान फेल हो गए। जनकपुरी मंडी में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने 10 दुकानों की जांच की और पनीर के 10 सैंपल लिए। इसके अलावा 28 सैंपल की मौके पर जांच की गई। इनमें से 4 सैंपल में डिटर्जेंट की मौजूदगी पाई गई। जांच रिपोर्ट के बाद मौके पर ही करीब 150 किलो पनीर और 10 किलो खोया तुरंत नष्ट कराया गया।

त्योहारों पर जारी रहेगी सख्त निगरानी

स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की तैयारियों के बीच आम लोगों की सेहत से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभाग को पूरे त्योहारी सीजन में मंडियों और दुकानों पर औचक निरीक्षण जारी रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। त्योहारों के दौरान मिठाई, खोया, पनीर, क्रीम और दूसरे डेयरी उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ती है। ऐसे में प्रशासन ने व्यापारियों को केवल सुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने की चेतावनी दी है और ग्राहकों से भी सतर्क रहने की अपील की है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article