शहर

राजस्थान का मौसम (3 Apr 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में कुदरत का 'डबल अटैक', ओले-आंधी से बदला मौसम का मिजाज, आज 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 3 Apr 2026: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है। 3 अप्रैल को सीकर, बीकानेर और जोधपुर सहित 8 जिलों में भारी बारिश और ओलों का अलर्ट है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में आज भी होगी झमाझम बारिश

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (3 Apr 2026): राजस्थान में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। चिलचिलाती धूप की जगह अब बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली की चमक ने ले ली है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार सुबह से ही तेज बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

सुबह-सुबह शुरू हुई बारिश (Rajasthan Rain Today)

मरुधरा में अप्रैल की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई है। प्रदेश में एक के बाद एक सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ ने गर्मी के तेवरों को ढीला कर दिया है। शुक्रवार सुबह जैसलमेर, नागौर, जालोर और डीडवाना समेत कई जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश हुई। जैसलमेर के पिथोडाई गांव में तो सुबह-सुबह करीब 15 मिनट तक जमकर ओले गिरे, जिससे चारों ओर सफेद चादर बिछ गई।

आज इन जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट', रहें सावधान (IMD Alert Rajasthan)

मौसम विभाग ने आज यानी 3 अप्रैल को प्रदेश के 8 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सीकर, झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़, गंगानगर, बीकानेर, जोधपुर और जैसलमेर शामिल हैं। इन इलाकों में तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। इसके अलावा, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ को छोड़कर राज्य के लगभग सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

किसानों की बढ़ी चिंता: पकी फसल पर संकट

एक तरफ जहाँ आम जनता को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के इलाकों में तेज तूफानी बारिश के कारण गेहूं की पकी हुई फसलें खेतों में बिछ गई हैं। कृषि विभाग ने मंडियों में खुले रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ढककर रखने की सलाह दी है ताकि भीगने से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।

10 अप्रैल तक नहीं चलेगी 'लू' (Loo Update IMD Rajasthan)

मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, राजस्थान में फिलहाल बैक-टू-बैक दो सिस्टम सक्रिय हो रहे हैं। पहला सिस्टम आज अपने चरम पर है, जो 4 अप्रैल से धीमा पड़ेगा। इसके तुरंत बाद 6 अप्रैल की शाम से एक और मजबूत सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका असर 7 और 8 अप्रैल को प्रदेश के कई हिस्सों में दिखेगा। अच्छी बात यह है कि 10 अप्रैल तक राज्य में हीटवेव (लू) चलने की कोई संभावना नहीं है और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बना रहेगा।

पिछले 24 घंटों का हाल

बीते कल कोटा प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 38.3 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में भी पारा 36 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि, रात होते-होते पाली और झालावाड़ में मौसम बदल गया। झालावाड़ में तेज हवाओं के कारण बिजली गुल होने से कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article