राजस्थान में आज का मौसम (24 March 2026): राजस्थान में मार्च माह के अंत में मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। इस महीने की शुरुआत तेज गर्मी के साथ हुई थी, लेकिन अब लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। जिसके कारण सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज फिलहाल जारी रहने वाला है, लेकिन बारिश थमने के बाद एक बार फिर गर्मी जोर पकड़ने वाली है। आइए जानते हैं कि आज राजस्थान का मौसम कैसा रहने वाला है।
आज राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि कुछ जगहों पर बादल छाए रह सकते हैं। वहीं पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कुछ भागों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती है। अगले दो दिन तक मौसम अधिकांश हिस्सों में साफ बने रहने के आसार हैं। जिसके बाद 26 मार्च से अगले 4 दिनों तक राजस्थान में बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
राजस्थान में बारिश का मौसम जारी
IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके कारण आसमान में बादलों ने डेरा डाला हुआ है और बीच-बीच में बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 31 मार्च के बीच दो और नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। जिसके प्रभाव से एक बार फिर राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। खासतौर से उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में इन वेदर सिस्टम्स का प्रभाव पड़ सकता है। जिसके कारण यहां मेघगर्जन और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में बीते 24 घंटे में जयपुर, कोटा, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, अजमेर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। साथ ही कुछ जगहों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के संग बारिश हुई। जिसके कारण दिन के तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। प्रदेश की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के कारण पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर जैसे जिलों में भी दिन का तापमान सामान्य या उससे नीचे बना हुआ है। जिससे फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत है।
