शहर

राजस्थान का मौसम (15 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: मरूधरा में फिर पलटेगा मौसम, 48 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट, जयपुर-बीकानेर में बारिश के आसार

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 15 Feb 2026: राजस्थान के मौसम का हाल सर्द-गर्म है। एक तरफ बाड़मेर में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया है, तो दूसरी तरफ शेखावाटी में रातें अब भी ठंडी हैं। इस बीच मौसम विभाग ने 17-18 फरवरी को नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आइए जानते हैं आपके शहर में मौसम कब करवट लेगा।

Image

राजस्थान में 17 तारीख से बदलेगा मौसम

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (15 Feb 2026): राजस्थान के मौसम में इन दिनों दोपहर की गर्मी और रात की सिहरन का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है। मरूधरा के मिजाज में आ रहे इस बदलाव के बीच मौसम विभाग ने एक नया अलर्ट जारी किया है। आने वाली 17 और 18 फरवरी को प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) दस्तक देने जा रहा है, जिससे कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

बाड़मेर में पारा 35 के पार

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बाड़मेर में शनिवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आमतौर पर इतना तापमान 20 फरवरी के बाद देखने को मिलता है। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और जालौर जैसे शहरों में भी पारा 30 से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे दोपहर के समय लोगों को तेज धूप और तपिश का सामना करना पड़ रहा है।

शेखावाटी में अब भी ठंड

एक तरफ जहां मारवाड़ तप रहा है, वहीं शेखावाटी के इलाकों में रातें अब भी ठंडी बनी हुई हैं। फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। सीकर, चूरू और पिलानी जैसे इलाकों में सुबह-शाम की ठंड बरकरार है। हालत यह है कि दिन में लोग सूती कपड़ों में नजर आते हैं, तो रात होते ही उन्हें फिर से गर्म कपड़ों और कंबलों की शरण लेनी पड़ रही है।

17 फरवरी से बदलेगा मौसम

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 17 फरवरी से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तरी और मध्य राजस्थान में ज्यादा देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के कई जिलों में आसमान में बादल छा सकते हैं। 17 और 18 फरवरी को कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर बिजली कड़कने की भी संभावना जताई गई है। पर्यटन स्थल माउंट आबू में भी मौसम सुहावना बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जैसे दक्षिणी जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री के आसपास रहने से हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की ठंड में थोड़ी कमी आएगी।

आंधी और बिजली का खतरा

मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। 17 फरवरी को चलने वाली तेज हवाओं के कारण धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस अचानक बदलाव को देखते हुए अपनी तैयारियों का ध्यान रखें। हालांकि, इस विक्षोभ के गुजर जाने के बाद राज्य में फिर से मौसम शुष्क हो जाएगा और तापमान में तेजी से उछाल देखने को मिलेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article