शहर

राजस्थान का मौसम (13 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: मरुधरा में गर्मी के बीच बारिश की आहट, सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ, जानें आपके शहर का हाल

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13 Feb 2026: राजस्थान में इन दिनों मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी सुबह-शाम हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है तो दोपहर में तेज धूप गर्मी का अहसास करा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

अगले हफ्ते राज्य में बारिश के आसार

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (13 Feb 2026): राजस्थान के मौसम में इन दिनों लुका-छिपी का खेल जारी है। जहां एक ओर सूरज की तपिश बढ़ने से गर्मी ने अपनी दस्तक दे दी है, वहीं हिमालय से आ रहे 'पश्चिमी विक्षोभ' के कारण सुबह-शाम की गुलाबी ठंड अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले सप्ताह प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर देखने को मिल सकता है।

कहीं पारा लुढ़का, कहीं चुभने लगी धूप

मरुधरा में फिलहाल तापमान के दो विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। शेखावाटी के इलाकों में चली ठंडी हवाओं ने न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री तक की गिरावट ला दी है। फतेहपुर में रात का पारा गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इसे राज्य का सबसे ठंडा इलाका बनाता है। इसके उलट, बाड़मेर और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में दिन का तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय लोगों को फरवरी में ही मई जैसी गर्मी का अहसास होने लगा है।

17 फरवरी से फिर बदलेगा मिजाज

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, उत्तर भारत में एक के बाद एक दो 'वेस्टर्न डिस्टरबेंस' सक्रिय हो रहे हैं। पहला सिस्टम आज यानी 13 फरवरी से हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जबकि दूसरा 16 फरवरी को सक्रिय होगा। इन मौसमी तंत्रों के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, यह सिस्टम बहुत ज्यादा मजबूत नहीं है, इसलिए भारी बारिश की उम्मीद कम है।

बादलों की लुका-छिपी और ठंडी हवाएं

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। नमी का स्तर कम होने की वजह से बारिश तो नहीं हुई, लेकिन बादलों की ओट और ठंडी हवाओं ने बढ़ते पारे पर थोड़ी लगाम जरूर कसी है। जयपुर, बाड़मेर और जालौर जैसे शहरों में रात का तापमान अभी भी 15 डिग्री से ऊपर बना हुआ है, जिससे यहां शीत लहर जैसी स्थिति फिलहाल खत्म हो गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम

15 फरवरी के बाद राजस्थान में सर्दी के तेवर और ज्यादा ढीले पड़ने वाले हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा। 17 फरवरी की संभावित बारिश के बाद एक बार फिर आसमान साफ होगा और गर्मी के तेवर तीखे हो जाएंगे। फिलहाल अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और तेज धूप खिली रहेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!