शहर

राजस्थान का मौसम (8 June 2026) Rajasthan Weather Today: उमस लेकर लौटी भीषण गर्मी, आज 2 जिलों में Heatwave का अलर्ट

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 8 June 2026: राजस्थान में प्रचंड गर्मी एक बार फिर बढ़ गई है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण अब उमस भी परेशान कर रही है। कई जिलों में पारा 44 डिग्री को पार कर गया है, जबकि कुछ इलाकों में बारिश और ओले गिरे। आज 2 जिलों में हीटवेव का भी अलर्ट है।

Image

राजस्थान में प्रचंड गर्मी का दौर लौट आया है

राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 8 जून 2026): राजस्थान में प्रचंड का मौसम एक बार फिर लौट आया है। राज्य के कई जिलों में गर्मी के साथ ही उमस से भी लोग परेशान हैं। खासतौर पर पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में पारा फिर से 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गय् है। हालांकि, राजधानी जयपुर और भरतपुर सहित पूर्वी राजस्थान के जिलों में तापमान अभी 40 डिग्री के नीचे बना हुआ है। लेकिन पूर्वी राजस्थान के जिलों में भी उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार 8 जून को राज्य के 6 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 2 जिलों में हीटवेव की भी चेतावनी दी गई है।

कल यानी रविवार 7 जून को बीकानेर, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई हिस्सों में तेज धूलभरी हवाएं चलीं। कुछ इलाकों में अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश के साथ ही ओले गिरने की भी सूचना है। मौसम में हुए इस बदलाव से तापमान में तो गिरावट आई, लेकिन उमस ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

श्रीगंगानगर में पारा 44.8 डिग्री तक पहुंचा

रविवार के दिन श्रीगंगानगर राज्य में सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और फलोदी में 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जैसलमेर में पारा 43.9, बाड़मेर में 43, चूरू में 42.4, जोधपुर में 41.5, बीकानेर में 41.4 और कोटा में 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। रविवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहा।

बीकानेर में तेज हवाएं

बीकानेर संभाग में रविवार दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। महाजन, नोखा, नोहर और श्रीगंगानगर के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी चलने के साथ ही बादलों की तेज गर्जना और बारिश भी हुई। श्रीगंगानगर के घड़साना क्षेत्र में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, जबकि बीकानेर के कुछ इलाकों में तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ।

भीलवाड़ा, नागौर में उमस भरी गर्मी

उधर अलवर, डीग और बहरोड़ में शाम के समय बारिश के बाद मौसम में कुछ ठंडक आई। चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में भी हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला। हालांकि, टोंक, अजमेर, भीलवाड़ा और नागौर जैसे जिलों में दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।

अजमेर में मौसम साफ रहा, गर्मी ज्यादा

जयपुर में हल्के बादलों के चलते रविवार को धूप कमजोर रही, लेकिन उमस पूरे दिन बनी रही। शहर में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। अजमेर में मौसम साफ रहने के कारण गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला और आने वाले दिनों में मौसम और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

उदयपुर, जोधपुर में गर्मी से बेहाल लोग

झीलों के शहर उदयपुर में गर्मी के कारण पर्यटन स्थलों पर भी भीड़ कम देखने को मिली। वहीं जोधपुर और सीकर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ, जिससे गर्मी का असर और भी तेज हो गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे तापमान और बढ़ सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article