शहर

Times Now Navbharat की खबर का असर, अरिहंत अंबर सोसाइटी हादसा मामले में मेंटेनेंस इंचार्ज गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर सोसाइटी में प्लास्टर गिरने से एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने मेंटेनेंस इंचार्ज दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। Times now Navbharat ने इस मामले को जोर शोर से उठाया था, जिसका असर इस गिरफ्तारी के रूप में सामने आया है।

Image

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अरिहंत अंबर में प्लास्टर गिरने से शनिवार को एक की मौत हुई थी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शनिवार 6 जून की देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। नोएडा एक्सटेंशन के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत अंबर सोसाइटी में बिल्डिंग का प्लास्टर टूटकर गिरा, जिसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद सोसाइटी के निवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है। Times now Navbharat ने इस मुद्दे को जोर शोर से उठाया और हमारी खबर का असर भी देखने को मिला है। इस मामले में अबएक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने सोसाइटी के मेंटेनेंस इंचार्ज को गिरफ्तार कर लिया है। मेंटेनेंस इंचार्ज दीपक कुमार अब पुलिस की गिरफ्त में है। वह अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता, क्योंकि सोसाइटी में मेंटेनेंस की पूरी जिम्मेदारी उसी की होती है। ऐसे में अगर कुछ भी घटना होती है तो उसके लिए सीधे तौर पर उसी मेंटेनेंस इंचार्ज को ही जिम्मेदार ठहराया जाता है।

सोसाइटी निवासी विकास चावला की गई थी जान

शनिवार शाम हुई प्लास्टर गिरने की घटना में यहां के निवासी विकास चावला की मौत हो गई थी। Times Now नवभारत ने बिल्डर की लापरवाही को लेकर खबर को प्रमुखता से चलाया था। जानकारी के अनुसार, अरहंत अंबर सोसाइटी के टावर डी-1507 में रहने वाले 46 वर्षीय विकास चावला शनिवार शाम अपनी बाइक से सोसाइटी से बाहर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग के बाहरी हिस्से से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सी उनके ऊपर आ गिरा। प्लास्टर गिरने से बाइक असंतुलित हो गई और वह नीचे गिर पड़े। गिरने के दौरान उनका सिर पास की दीवार के किनारे से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और काफी खून बह गया।

सोसाइटी के निवासियों में भारी नाराजगी

उस समय मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत पास में ही स्थित यथार्थ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। निवासियों का आरोप है कि लंबे समय से इमारतों के बाहरी हिस्से का प्लास्टर खराब हो रहा है, लेकिन बिल्डर की ओर से समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।

सोसाइटी के लोगों ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) ने भी इस घटना को गंभीर लापरवाही बताया है। साथ ही बिल्डर से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। निवासियों का समर्थन जुटाने के लिए हर टावर के रिसेप्शन पर हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया।

नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल ने जानकारी देत हुए बताया कि दिनांक 06.06.2026 को थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत Arihant Amber सोसाइटी में एक व्यक्ति विकास चावला पुत्र रविंद्र चावला उम्र 46 वर्ष जोकि सोसाइटी से बाहर निकल रहे थे, तभी ऊपर से प्लास्टर गिरने से उनकी बाइक डिसबैलेंस होकर गिर गई, जिससे उनका सिर दीवार के किनारे पर लग गया। उपरोक्त व्यक्ति को घायल अवस्था में हॉस्पिटल ले जाया गया जहां, चिकित्सक द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिजन मौके पर मौजूद है। शांति व्यवस्था स्थापित है। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!