शहर

देवास में घर के बाहर बैठे तीन लोगों को कार ने मारी टक्कर, CCTV कैमरे में कैद हुआ भयावह हादसा

देवास में तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर बैठे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

Image

घर के बाहर बैठे लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचला

Photo : Times Now Digital

Dewas Road Accident: मध्य प्रदेश के देवास जिले में रविवार को भीषण हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर बैठे हुए तीन लोगों को रौंद डाला। हादसे में तीनों लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक बुजुर्ग शामिल हैं। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें कार तेज रफ्तार से आती हुई दिखाई दे रही है। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

घर के बाहर बैठे लोगों को कार ने मारी टक्कर

यह घटना उदयनगर क्षेत्र के दड़जूना गांव में रविवार को हुई। जानकारी के मुताबिक, दड़जूना गांव में तीन लोग घर के बाहर बैठे थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवनालिया-जूनापानी इलाके के निवासी शंकर (80), मनीबाई (40) और जमुनाबाई (45) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कार सवार पिकनिक से लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक, कार सवार इंदौर के रेसकोर्स रोड इलाके से पिकनिक मनाने आए थे। सुबह करीब 11 बजे दड़जूना गांव के पास से गुजरते समय उनकी कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। कार बेकाबू होने के बाद सड़क किनारे खड़ी मनीबाई और जमुनाबाई को गाड़ी से जोरदार टक्कर लगी। हादसे में एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर धूप सेंक रहे 80 वर्षीय शंकर को अपनी चपेट में ले लिया। बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद कार पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल महिला और बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

तेज रफ्तार कार ने खंभों को भी किया क्षतिग्रस्त

पुलिस के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि अनियंत्रित होने के बाद उसने सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभों को भी नुकसान पहुंचाया। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। कार से पिकनिक के दौरान खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार सवार रविवार सुबह पिकनिक मनाने के लिए उदयनगर पहुंचे थे। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस के अनुसार, चालक धर्मेंद्र जैन को पकड़ा गया है। उसका मेडिकल टेस्ट कराने के बाद हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article