राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 6 May 2026): उत्तर और उत्तर पश्चिमी भारत के अन्य हिस्सों की तरह राजस्थान में भी मई महीने की शुरुआत राहत भरी रही है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली और राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश ने लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत दिलाई। कल यानी मंगलवार 5 मई को भी राजस्थान के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखने को मिला, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखने को मिली। विशेषतौर पर उदयपुर संभाग के जिलों में मंगलवार को मौसम सुहावना बना रहा। आज और कल भी कई जिलों में गर्मी से राहत रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार 5 मई को राजस्थान के दो शहरों को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज यानी 6 और 7 मई के लिए राज्य के 7 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
कल दोपहर बाद बदल गया मौसम का मिजाज
मंगलवार को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में मौसम साफ रहा, लेकिन हल्की हवा व वातावरण में नमी के कारण बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, फलोदी, जोधपुर और जैसलमेर सहित कई शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दोपहर बाद बाड़मेर, पाली, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही और भीलवाड़ा सहित कई जिलों में मौसम बदल गया। कई इलाकों में घने बादल छाए और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। पाली और बाड़मेर में मंगलवार को तेज तूफानी बारिश हुई।
9 मई तक रहेगा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार राज्य के पूर्वी हिस्सों में 9 मई तक पश्चिमी विक्षोभ का हल्का असर बना रहेगा। इस दौरान भरतपुर संभाग सहित कुछ इलाकों में दोपहर बाद बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
अलर्ट - आगे हीटववे है
हालांकि, हालिया बारिश से मिली यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 मई के बाद पश्चिमी राजस्थान में एक बार फिर गर्मी का प्रचंड प्रहार शुरू हो जाएगा। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और फलोदी सहित कई जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और Heatwave की संभावना भी जताई गई है।
गुलाबी नगरी में तापमान लुढ़का
राजधानी जयपुर में मंगलवार 5 मई को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री दर्ज किया गया। उदयपुर में शाम को हुई बारिश के बाद तापमान गिरकर 36.1 डिग्री पहुंच गया। सीकर, कोटा, अजमेर और अलवर में भी तापमान में गिरावट से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। अब सभी की नजर मौसम विभाग के अगले अपडेट पर टिकी है।
