Rajasthan Weather राजस्थान में आज का मौसम (24 April 2026): राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। राज्य के कम से कम 10 जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। कई शहरों और जिलों में पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। विशेष तौर पर पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। कल यानी गुरुवार 23 अप्रैल को राजस्थान का सबसे गर्म शहर श्रीगंगानगर रहा, जहां पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रचंड गर्मी और हीटवेव के हालात को देखते हुए 4 जिलों के स्कूल टाइम में बदलाव किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने आज यानी शुक्रवार 24 अप्रैल को कम के कम 5 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, आज कुछ इलाकों में गर्मी से राहत भी मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आंधी और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है।
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान के लोगों के लिए एक अच्छी खबर ये है कि कल यानी शनिवार 25 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना है। इस वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर जैसे इलाकों में देखने को मिलेगा। इनके अलावा कई शहरों में धूलभरी हल्की हवा या आंधी चल सकती है और हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव में शनिवार को प्रचंज गर्मी से मामूली राहत भी मिल सकती है। जयपुर में रविवार 26 और सोमवार 27 अप्रैल को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। अलवर में 25 से 27 सितंबर तक लू की चेतावनी दी गई है।
गर्मी के कारण स्कूलों का समय बदला
प्रचंड गर्मी के चलते जैसलमेर, चितौड़गढ़, दौसा, कोटा और राजधानी जयपुर में बच्चों के स्कूल के टाइमिंग में बदलाव किया गया है। जैसलमेर और चितौड़गढ़ में 8वीं तक के बच्चों के स्कूल का समय सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है।जबकि दौसा में आज से 2 मई तक 8वीं तक के बच्चों के स्कूल का टाइमिंग भी यही रखा गया है। कोटा में आज से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के स्कूल का टाइम सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है।
कल कैसा रहा मौसम
राजस्थान में गुरुवार को प्रचंड गर्मी का प्रकोप रहा। लगभग सभी शहरों में सुबह से ही तेज धूप निकली, जिससे दोपहर के समय सड़कें वीरान नजर आईं। हालांकि, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चुरू, हनुमानगढ़, फलोदी, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा और टोंक सहित अन्य कई शहरों में हल्की हवा चलने से गर्मी से कुछ राहत भी मिली। प्रचंड गर्मी के बीच चिड़िया घर में जानवरो को गर्मी से बचाने के लिए कई तरह के उपाय अपनाए जा रहे हैं।
श्रीगंगानगर सबसे गर्म, जयपुर में चली हल्की हवा
श्रीगंगानगर में कल यानी गुरुवार 23 अप्रैल को सबसे ज्यादा 44.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। बता दें कि श्रीगंगानगर गुरुवार को देश में भी सबसे गर्म शहर रहा। राज्य के 5 शहरों का तापमान गुरुवार को 44 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा ही रहा। राजधानी जयपुर में तेज धूप के साथ ही हल्की हवा भी चली, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया।
उदयपुर में प्रचंड गर्मी का दौर बढ़ता जा रहा है। यहां पारा 39 डिग्री तक गया। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर शहर में भी पारा 39 डिग्री के करीब तक पहुंच गया। यहां न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिली है, जो 27 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम केंद्र के अनुसार जोधपुर में Heatwave की आशंका है।
कोटा में लू जैसे हालात
अजमेर में भी लोगों का गर्मी से बुरा हाल है। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री रहा। कोटा में गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। यहां पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। यहां हालात लू जैसे हैं। सीकर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री तक पहुंच गया और स्वास्थ्य विभाग ने हीटवेव से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। अलवर में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यहां पानी की किल्लत से लोग काफी परेशान हैं।
