Rajasthan DA Hike: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सरकारी कर्मियों और पेंशनर्स के लिए कुछ बड़े फैसले लिए गए हैं। होली से पहले राजस्थान सरकार ने सरकारी कर्मियों के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि करने का ऐलान किया है। महंगाई भत्ते में वृद्धि होने से प्रदेश के 8 लाख कर्मचारी एवं 4 लाख 40 हजार पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचन्द्र बैरवा के साथ पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी कर्मियों एवं पेंशनर्स को समर्थन देने के लिए केन्द्र सरकार के अनुरूप मंहगाई भत्ते में 4 प्रतिशत वृद्धि करने का फैसला लिया है। इससे मंहगाई भत्ता 46 प्रतिशत से बढ़कर 50 प्रतिशत हो जाएगा।
इस दिन से प्रभावित को महंगाई भत्ता
मंहगाई भत्ते की बढ़ी हुई दरें 1 जनवरी 2024 से प्रभावी होंगी। कर्मचारियों को मार्च 2024 के वेतन से बढ़े हुए मंहगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा। जनवरी एवं फरवरी माह की राशि संबंधित कर्मचारियों के जीपीएफ, जीपीएफ-2004 अथवा जीपीएफ-एसएबी खातों में जमा की जाएगी। सरकारी कर्मियों एवं पेंशनर्स को यह राहत प्रदान करने के लिए राज्य सरकार 1,640 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का अतिरिक्त वित्तीय भार का वहन करेगी। पंचायत समिति एवं जिला परिषद के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए मंहगाई भत्ते का लाभ मिलेगा।
सड़कों के लिए 1357 करोड़ स्वीकृत
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने यह भी बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सीआरआईएफ के अंतर्गत राजस्थान में 31 प्रमुख जिला सड़कों और राज्य राजमार्गों को चौड़ा और सुदृढ़ करने के लिए 972.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए है। साथ ही, सीआरआईएफ के अंतर्गत सेतु बंधन योजना के तहत विभिन्न जिलों में 07 आरओबी, आरयूबी, फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के लिए 384.56 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई है।
