शहर

Video: रायगढ़ में बारिश ने बरपाया कहर; पातालगंगा नदी में बहे गैस सिलेंडर, प्रशासन ने लोगों से की खास अपील

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हुई भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया, जब बाढ़ के तेज बहाव में एक कंपनी की सुरक्षा दीवार ढह गई। इसके बाद परिसर में रखे बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी तक पहुंच गए। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से सिलेंडरों को सुरक्षित लौटाने और उनसे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करने की अपील की है।

Raigad News: मध्य पूर्व में जारी तनाव के चलते अभी कुछ दिनों पहले तक सिलेंडरों के लिए लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़े थे, तो वहीं आज एक ऐसी घटना सामने आई जिसमें सिलेंडर पानी में बहते नजर आए। बता दें कि महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। चावणे-जांभिवली क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद कंपनी की सुरक्षा दीवार तेज बहाव में ढह गई। बताया जा रहा है कि इसके चलते कंपनी परिसर में रखे बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर नाले के रास्ते पातालगंगा नदी में बह गए।

सिलेंडरों लेने के लिए ग्रामीण उतरे पानी में

इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। नदी और नाले में बहते गैस सिलेंडरों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई ग्रामीण बहकर आए सिलेंडरों को अपने कब्जे में लेने के लिए पानी में उतर गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि हजारों सिलेंडर बह गए हैं, हालांकि कंपनी और प्रशासन ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

प्रशासन ने नागरिकों से की अपील

इस बीच जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को HPCL के गैस सिलेंडर मिले हैं, तो उन्हें तत्काल HPCL कंपनी, अपने नजदीकी HPCL डीलर, तहसीलदार कार्यालय खालापुर, तहसीलदार कार्यालय पेण या उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय, पेण में जमा कराएं। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिलेंडरों के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करने और उन्हें खुद इस्तेमाल में न लाने की भी अपील की है।

9 जुलाई को ऐसा रहेगा मौसम का हाल

वहीं अगर मौसम की करें तो IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 9 जुलाई को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले सहित कोंकण क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। जिले में कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश दर्ज होने के आसार हैं। इसके अलावा, मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी 9 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article