Raebareli Police Encounter: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने हाल ही में एक लूट की घटना को अंजाम दिया था। मुठभेड़ के दौरान दोनों गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार बदमाशों की पहचान अमेठी निवासी चंद्रशेखर केशरवानी उर्फ पप्पू र प्रतापगढ़ निवासी सोनी उर्फ शिव सहाय के रूप में हुई।
वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
मुठभेड़ की यह घटना सोमवार देर रात बछरावां थाना क्षेत्र में हुई। जहां शारदा सहायक नहर के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को बाइक पर दो संदिग्ध आते हुए नजर आए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की।
दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगने से वे घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उन्हें घायल हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने बीती बुधवार रात को एसएसबी जवान दुर्गेश कुमार के माता-पिता से तमंचे के बल पर 5.35 लाख की लूट की थी। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के पास से सोने की चेन, अवैध तमंचा, नकदी और एक बाइक बरामद की है।
बंदूक के बल पर लूटपाट
रायबरेली के कुंदनगंज गांव निवासी संतराम अपनी पत्नी और 5 साल के पोते के साथ बाइक से एक निमंत्रण में जा रहे थे। तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे के बल पर उनके साथ लूटपाट की। बदमाश दंपती से करीब पांच लाख के जेवर और 35 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस वारदात का खुलासा होने के बाद से ही आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई थी। अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
