शहर

पंजाब में पहली बार होगा इंटरनेशनल हॉकी टूर्नामेंट, 44 साल बाद बैडमिंटन चैंपियनशिप का भी मौका

पंजाब को पहली बार हॉकी एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेजबानी का मौका मिला है, जो 26 अक्टूबर से मोहाली और जालंधर में आयोजित होगी। इसमें कई एशियाई देश हिस्सा लेंगे। वहीं 44 साल बाद पंजाब को अंडर-13 बैडमिंटन नेशनल चैंपियनशिप की मेजबानी भी मिली है, जिसे सीएम भगवंत मान ने बड़ी उपलब्धि बताया।

Image

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (File Photo)

Photo : PTI

पंजाब के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पंजाब को पहली बार हॉकी एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेजबानी का मौका मिला है। इसके साथ ही राज्य को 44 साल बाद बैडमिंटन अंडर-13 नेशनल चैंपियनशिप के आयोजन का भी अवसर मिला है। जिससे खेल जगत में उत्साह बढ़ गया है।

26 अक्टूबर से शुरू होगा टूर्नामेंट

पंजाब में 26 अक्टूबर से हॉकी की एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी शुरू होगी। इसके मैच मोहाली और जालंधर में आयोजित किए जाएंगे। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, साउथ कोरिया, जापान, मलेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। सीएम मान ने कहा कि अब तक पंजाब को किसी भी बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका नहीं मिला था, लेकिन यह अवसर राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब इस चैंपियनशिप को यादगार बनाएगा और खिलाड़ियों व दर्शकों के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की जाएंगी।

पंजाब ने खेल जगत को दिए कई महान खिलाड़ी

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब के समृद्ध खेल इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य की धरती ने देश को कई महान खिलाड़ी दिए हैं। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान, क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल, महिला क्रिकेट टीम की कैपटन और बास्केटबॉल टीम के कप्तान सभी पंजाब से हैं। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में भी पंजाब के अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह शामिल थे।

सीएम ने बताया कि अब तक 50 से ज्यादा पंजाबी खिलाड़ी हॉकी में ओलंपिक में हिस्सा ले चुके हैं, जबकि राज्य के कुछ गांव ऐसे हैं जिन्होंने 20 ओलंपिक खिलाड़ी दिए हैं। सीएम ने कहा कि हाल ही में इंडियन हॉकी फेडरेशन और एशियन हॉकी फेडरेशन की बैठक में भी इन आयोजनों को लेकर चर्चा हुई है। पंजाब सरकार इन आयोजनों को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article