शहर

'जो देश की सीमा सुरक्षित नहीं कर पा रहे, वो परिसीमन विधेयक ला रहे', अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना

Akhilesh Yadav On Delimitation Bill: ​सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी नहीं है। जंतर-मंतर पर ‘जेन जी’ के आंदोलन से साफ है कि युवा, किसान, व्यापारी, हर वर्ग के लोग भाजपा से नाराज हैं। इसी नाराजगी से बचने के लिए भाजपा परिसीमन विधेयक ला रही है।

Image

अखिलेश यादव (फोटो साभार- PTI)

Akhilesh Yadav On Delimitation Bill: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन विधेयक को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को संभल के बहजोई में सपा के राज्यसभा सदस्य जावेद अली के बेटे की दावत-ए-वलीमा (प्रीतिभोज) में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग देश की सीमा सुरक्षित नहीं कर पा रहे हैं, वे अब परिसीमन विधेयक ला रहे हैं।

अखिलेश यादव का बीजेपी पर बडा हमला

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्या और भर्ती परीक्षाओं के रद्द होने जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए परिसीमन विधेयक ला रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा के लोग जानते हैं कि जनता उनसे दूर हो गई है। आज किसान खाद और डीएपी को लेकर परेशान हैं। धान पैदा हुआ, तो उसकी कीमत नहीं मिल रही है। व्यापारी दुखी हैं। युवाओं के हाथ में नौकरी नहीं है।”

'देश की सीमा सुरक्षित नहीं कर पा रही भाजपा'

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी नहीं है। जंतर-मंतर पर ‘जेन जी’ के आंदोलन से साफ है कि युवा, किसान, व्यापारी, हर वर्ग के लोग भाजपा से नाराज हैं। इसी नाराजगी से बचने के लिए भाजपा परिसीमन विधेयक ला रही है। अखिलेश यादव ने कहा, “जो लोग लोकसभा का क्षेत्रफल बदलना चाहते हैं, लोकसभा की दीवारें बदलना चाहते हैं, वे कम से कम देश की सीमाएं तो सुरक्षित रखें। ये लोकसभा की सीमाएं तो बदलना चाहते हैं, लेकिन देश की सीमा को सुरक्षित नहीं कर पा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि यह परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।

उन्होंने यूपी की जनता से वादा किया कि सपा की सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश का किसान, युवा और प्रदेश का विकास प्राथमिकता में सबसे ऊपर होगा। अखिलेश ने कहा कि हम गन्ने की कीमत भी बढ़ाएंगे और 24 घंटे के भीतर किसानों का भुगतान करेंगे। किसानों का कर्जा माफ होगा। महिला आरक्षण विधेयक पर अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण विधेयक के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि अगर महिला आरक्षण में पिछड़ी महिलाओं और पीडीए महिलाओं को शामिल किया जाए तो हम समर्थन करेंगे।

'महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है सपा'

अखिलेश ने कहा कि महिला आरक्षण के खिलाफ कोई भी नहीं है, लेकिन इसके साथ वे परिसीमन विधेयक ला रहे हैं और लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं। सपा प्रमुख ने साफ किया कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण का विरोध नहीं करती, लेकिन परिसीमन के नाम पर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश का विरोध करेगी। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अखिलेश यादव ने परिसीमन के बहाने भाजपा को बेरोजगारी, महंगाई और किसान संकट जैसे मुद्दों पर घेरने की कोशिश की है। आने वाले दिनों में परिसीमन को लेकर यूपी की सियासत और गरमाने वाली है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article