शहर

उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा, लैंसडाउन में खाई में गिरा वाहन, सात लोगों की दर्दनाक मौत, CM धामी ने जताया शोक

Uttarakhand Road Accident: लैंसडाउन विधायक दलीप रावत ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- AI)

Uttarakhand Road Accident: उत्तराखंड के पौड़ी जिले के लैंसडाउन क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। कलवाड़ी के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। लैंसडाउन विधायक दलीप रावत ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में 12 लोग सवार थे, जिसमें से सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा किस वजह से हुआ, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है।

लैंसडाउन के कलवाड़ी में बड़ा सड़क हादसा

बताया जा रहा है कि वाहन कलवाड़ी के पास पहाड़ी सड़क से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन खाई में जा गिरा। खाई काफी गहरी होने के कारण किसी को भी बचाया नहीं जा सका। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया जा रहा है कि 12 लोगों को ले जा रही ईको कार अचानक 200 से 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 6 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

CM धामी ने जताया गहरा शोक

रिखणीखाल में हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री धामी ने लिखा, “रिखणीखाल, कलवाड़ी, पौड़ी गढ़वाल में हुए भीषण सड़क हादसे की अत्यंत दुखद सूचना प्राप्त हुई। इस हृदय विदारक हादसे में दिवंगत हुए लोगों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”

घायलों को अस्पतालों तक एयरलिफ्ट कराने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचने, राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को उन्नत चिकित्सा केंद्रों तक एयरलिफ्ट कराया जाए। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है। घटना दोपहर करीब 1 बजे रिखणीखाल इलाके के कलवाड़ी के पास हुई। दुर्घटना वाली जगह रिखणीखाल पुलिस स्टेशन से तकरीबन 20 किलोमीटर दूर है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article