पंजाब में आज का मौसम (01 Feb 2026): पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। कड़ाके की ठंड के बीच बारिश ने फिर से दस्तक दी है। शनिवार देर रात पंजाब में कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जिससे आज सुबह कई जगहों पर हल्की धुंध भी नजर आई। आज भी बारिश का मौसम बना रहने वाला है। मौसम विभाग ने आज पंजाब के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के मौसम में यह बदलाव आया है। आइए जानते हैं कि आज पंजाब में कहां-कहां बारिश होगी।
पंजाब के 14 जिलों में आंधी-बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज पंजाब के 14 जिलों में आंधी चलने और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। इन जिलों में अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, नवांशहर, कपूरथला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, लुधियाना, रूपनगर और पटियाला शामिल हैं।
पंजाब में आज किन जिलों में होगी बारिश
पंजाब में आज होशियारपुर, पठानकोट, नवांशहर, रूपनगर और आसपास के इलाकों में कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हो सकती है।
पंजाब में कब तक रहेगा बारिश का मौसम
IMD के अनुसार, पंजाब में आगामी दो दिनों तक बारिश का मौसम बना रहेगा। उत्तर-पश्चिमी भारत में 2 फरवरी की रात एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। जिसके प्रभाव से पंजाब में 3 फरवरी तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही तेज हवाओं का सिलसिला भी जारी रह सकता है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ने के भी आसार हैं।
पंजाब में फरीदकोट रहा सबसे ठंडा
पंजाब में शनिवार को भी कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। जिससे दिन के तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में अधिकतम पारे में 1.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। पंजाब में शनिवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान फरीदकोट में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। वहीं दिन के पारे में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं।
