शहर

Punjab-Haryana Weather (21 Jan 2026): कोहरे की चादर में लिपटे पंजाब-हरियाणा, अब बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

पंजाब-हरियाणा का मौसम (पंजाब-हरियाणा में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21 Jan 2026: पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप जारी है। हालांकि जल्द दोनों राज्यों का मौसम बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दोनों राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की ठंड (सांकेतिक फोटो | istock)

पंजाब-हरियाणा में आज का मौसम (21 Jan 2026): पंजाब और हरियाणा में ठंड का सितम लगातार जारी है। कई जिले घने कोहरे और शीतलहर की चपेट में भी बने हुए हैं। बुधवार को पंजाब के 8 और हरियाणा के 4 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। जिससे विजिबिलिटी बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। दोनों राज्यों के मौसम में जल्द ही बदलाव होने वाला है। IMD के अनुसार लगातार 3 पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से हरियाणा में 25 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं बादल छाने और कहीं बारिश होने की संभावना है। वहीं पंजाब में भी गुरुवार से गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

पंजाब में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में आज सुबह अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और संगरूर में कुछ स्थानों पर घना कोहरा रह सकता है। शेष जगहों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 22 से 24 जनवरी के बीच पंजाब के उत्तरी हिस्से में बारिश की संभावना है। इस दौरान गुरदासपुर, कपूरथला, जालधंर, होशियारपुर, पठानकोट, पटियाला, नवांशहर और तरनतारन में बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे बाद राज्य में तापमान में भी 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिसके बाद गिरावट के आसार हैं।

हरियाणा में कब होगी बारिश

हरियाणा में आज जीटी रोड बेल्ट के हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है। जिससे विजिबिलिटी पर असर पड़ सकता है। फिलहाल राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य के ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 22 से 24 जनवरी के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। वहीं 25 जनवरी को अधिकतर जिलों में बारिश के आसार हैं।

पंजाब में अमृतसर, हरियाणा में भिवानी रहा सबसे ठंडा

पंजाब में मंगलवार को सबसे ठंडा जिला अमृतसर रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान भाखडा डैम में 25 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पठानकोट में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री, फरीदकोट 5.2 डिग्री, लुधियाना में 5.4 डिग्री, बठिंडा में 5.2 डिग्री और पटियाला में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हिसार में यह 5.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा अंबाला में 8.8 डिग्री, गुरुग्राम में 9 डिग्री, सिरसा में 6.5 डिग्री, करनाल में 7.8 डिग्री और नारनौल में 6.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article