शहर

"हर सिख परिवार को 4 बच्चे पैदा करने चाहिए", सिख आबादी में गिरावट को लेकर भाजपा नेता जगमोहन राजू का बड़ा बयान

पंजाब भाजपा नेता डॉ. जगमोहन राजू ने सिख दंपतियों से चार बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनका कहना है कि राज्य में सिख आबादी में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिसे रोकने के लिए यह कदम जरूरी है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर प्रोत्साहन राशि देने की भी मांग की है।

Image

बाजपा नेता जगमोहन राजू (फाइल फोटो)

Jagmohan Raju: पंजाब भाजपा नेता डॉ. जगमोहन राजू ने सिख दंपतियों से चार बच्चे पैदा करने की अपील की है। उनका कहना है कि पंजाब में सिख आबादी में लगातार गिरावट देखी जा रही है, इसलिए समुदाय को बढ़ाने के लिए यह कदम जरूरी है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र भी लिखा है, जिसमें चार बच्चों वाले दंपतियों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग की गई है, ताकि लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रेरित किया जा सके। यह मांग ऐसे समय पर सामने आई है जब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी चार बच्चों वाले परिवारों को नकद प्रोत्साहन देने की योजना का ऐलान किया है।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को लिखे गए अपने पत्र को सार्वजनिक भी किया है। इस पत्र में उन्होंने कहा कि सिख समुदाय भारत में संवैधानिक रूप से मान्यता प्राप्त एक अल्पसंख्यक वर्ग है और सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस समुदाय की प्रजनन दर (Fertility Rate) सबसे कम है। उन्होंने दावा किया कि इसी कारण सिख आबादी में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंजाब में सिखों की हिस्सेदारी वर्ष 1991 में 62.95 प्रतिशत थी, जो 2011 की जनगणना में घटकर 57.69 प्रतिशत रह गई, और यह प्रवृत्ति अभी भी जारी रहने की आशंका है।

चार बच्चों वाले सिख परिवारों के लिए प्रोत्साहन राशि की मांग करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि अगर सरकार इस तरह की नीति लागू करती है, तो पंजाब में सिख समुदाय का सामाजिक और सांस्कृतिक भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कदम सिख समुदाय की सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसांख्यिकीय मजबूती को बनाए रखने में मदद करेगा। उनके अनुसार सिख समुदाय ने देश की आजादी की लड़ाई से लेकर रक्षा क्षेत्र और कृषि विकास तक में अहम योगदान दिया है, इसलिए इसके संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है और इसका भाजपा पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उनके अनुसार पंजाब की जनसंख्या संरचना तेजी से बदल रही है, और जिस तरह दक्षिण भारत के राज्यों में “एक व्यक्ति, एक वोट” जैसी चिंताओं के चलते जनसंख्या संतुलन पर चर्चा होती है, उसी तरह पंजाब में भी सिख समुदाय की जनसंख्या संतुलित रूप से बढ़नी चाहिए ताकि संस्कृति और विरासत सुरक्षित रह सके।

गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार के परिसीमन से जुड़े मुद्दों के बाद जनसंख्या और प्रतिनिधित्व को लेकर बहस तेज हो गई है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भी जनसंख्या वृद्धि को प्रोत्साहित करने पर चर्चा हो रही है। इसी बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की है कि तीसरा बच्चा पैदा करने वाले दंपतियों को 30,000 रुपये और चौथा बच्चा पैदा करने वाले को 40,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की योजना पर काम किया जा रहा है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!