शहर

Amritsar: ASI हरजीत सिंह के हत्यारे का एनकाउंटर, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी ढेर, दूसरा फरार

Amritsar News: अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या के आरोपी दीपक सिंह को पंजाब पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। नाके पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

Image

ड्यूटी से लौट रहे ASI को मारी थी गोली

Amritsar News: पंजाब के अमृतसर में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) हरजीत सिंह की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार रात को अमृतसर के इस्लामाबाद थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी दीपक सिंह मारा गया। मृतक आरोपी की पहचान अमृतसर के मुलेचक गांव निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

तकनीकी इनपुट और CCTV से मिला था सुराग

भगतांवाला दाना मंडी में ड्यूटी पर तैनात एएसआई हरजीत सिंह की गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पुलिस की स्पेशल टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपियों को ट्रैक करने के लिए CCTV फुटेज, तकनीकी इनपुट्स, टॉवर-डंप एनालिसिस, लोकल इंटेलिजेंस और मानवीय स्रोतों का इस्तेमाल किया। जांच में मुलेचक निवासी दीपक सिंह और उसके साथी की मुख्य संदिग्धों के रूप में पहचान हुई।

नाके पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना

अमृतसर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:45 बजे पुलिस चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को स्कूटर पर आते देखा गया और उन्हें रुकने का इशारा किया गया। पुलिस टीम को देखकर एक संदिग्ध ने पुलिस पर गोली चला दी और अगले नाके की तरफ भाग निकला। अगले नाके पर तैनात पुलिस टीम पर आरोपियों ने चार राउंड फायर किए। पुलिस ने आत्मरक्षा में पलटवार करते हुए गोलियां चलाईं, जिसमें दीपक सिंह को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दीपक को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा आरोपी फरार

इस पूरी मुठभेड़ के दौरान आरोपी का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस मामले में पाकिस्तान में बैठे आतंकी से कनेक्शन जुड़ता दिख रहा है। बताया जा रहा है, आतंकी ने पैसों का लालच दिया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article