Pune Crime: पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित एक कुरियर कंपनी के ऑफिस में गोलीबारी कर 28 लाख रुपये लूट मामले का खुलासा करते हुए पुणे पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस लूट मामले में 11 बदमाश शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 14 लाख रुपये भी बरामद किए है। पुलिस के अनुसार, लूट में शामिल इन आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। इनमें से ज्यादातर आरोपी पुणे के मंगलवार पेठ, शिवाजी नगर, शिवाने इलाकों में रहते हैं।
पुलिस आयुक्त अमिताभ गुप्ता ने बताया है कि, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से दो के खिलाफ मोक्का के तहत मामला दर्ज किया गया है। लूट के बाद ये आरोपी मावल में छिपे हुए थे। आरोपियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर 11 में से 7 आरोपियों को दबोच लिया। बाकि के चारों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि, आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि, ये आरोपी लूट के बाद उत्तर भारत की तरफ भागने का प्लान बना रहे थे, लेकिन इससे पहले ही पकड़े गए।
